पीलीभीत: 6854 नमूनों की जांच में आयरन और टर्बिडिटी की मात्रा पाई गई अधिक, अब पानी में आर्सेनिक खोजेगा जल निगम
पीलीभीत, अमृत विचार। जिले के पानी में खतरनाक आर्सेनिक की मात्रा मानक के अधिक पाई गई है। इसका खुलासा केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (सीजीडब्ल्यूए) की रिपोर्ट में हुआ है। अभी तक जल निगम ने इस ओर ध्यान नहीं दिया था। अब जल निगम उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद जिले में आर्सेनिक की खोजबीन के लिए नमूने लेकर जांच करने की बात कह रहा है।
हाल ही में सीजीडब्ल्यूए द्वारा एनजीटी को एक रिपोर्ट भेजी गई है। रिपोर्ट में प्रदेश के 45 जिलों में आर्सेनिक की मात्रा अधिक पाई गई है। इसमें पीलीभीत भी शामिल है। हालांकि जल निगम द्वारा हर साल जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पानी के नमूने लेकर जांच की जाती है।
खास बात यह है कि हाल ही में जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे कार्यों को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की जांच कराई गई, लेकिन जांच रिपोर्ट में आर्सेनिक की मात्रा सामान्य पाई गई है। जल निगम द्वारा चालू वर्ष में 7527 लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 6854 पानी के नमूने लिए गए हैं। इन सभी की जांच स्थानीय प्रयोगशाला में 12 पैरामीटर पर की जा चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक इन नमूनों के जांच में आयरन और टर्बिडिटी (मैलापन) की मात्रा अधिक पाई गई है।
प्रयोगशाला में आर्सेनिक जांच को नहीं मशीन
जल निगम स्थित प्रयोगशाला में टीडीएस, एलकैलिनिटी, हार्डनेस, टर्बिडिटी, क्लोराइड, फ्लोराइड समेत 12 पैरामीटर पर पानी की जांच की जाती है, लेकिन मशीन न होने की वजह से आर्सेनिक की जांच नहीं की जा रही है।
जनपद में लगातार पानी की जांच की जा रही है। केंद्रीय भूजल प्राधिकरण की रिपोर्ट की जानकारी नहीं है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद रिपोर्ट के आधार पर जिले में क्रास चेक के लिए पानी नमूने लिए जाएंगें। - मनीष गंगवार, एक्सईएन, जल निगम
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: रोडवेज बसों से चोरी हो गया 500 लीटर डीजल, चालक परिचालक ने देखा तो उड़ गए होश..जानिए मामला
