काशीपुर: दुकान बंद कर अपने पिता के साथ घर लौट रहे युवक को मारी गोली
काशीपुर, अमृत विचार। दुकान बंद अपने पिता के साथ घर लौट रहे एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे गिरीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर हमलावरों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिये है।
जानकारी के अनुसार अजय सिंह पुत्र नारायण दास निवासी ढकिया नंबर 1 कुंडेश्वरी की आवास विकास में दुकान है। शनिवार देर रात वह दुकान बंद कर अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रहा थे। जैसे ही वह कुंडेश्वरी से ग्राम नूरपुर मार्ग के पास पहुंचा, तभी अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने अजय पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद अजय मोटरसाइकिल सहित गिरकर लहूलुहान हो गया।
वहीं पीछे बैठे उसके पिता भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गोली अजय के पेट में जाकर लगी। गोली की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एएसपी अभय सिंह, सीओ वंदना वर्मा व कोतवाल मनोज रतूड़ी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल अजय को गिरीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जिसके बाद परिजन उसे गाजियाबाद के अस्पताल इलाज के लिए ले गए है। वही अजय की हातल चिंताजनक बताई जा रही है।
उधर पुलिस ने हमलावरों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। वही पुलिस पुरानी रंजिश व लेनदेन को देखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल अभी पुलिस को मामले में पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर सौंपी नहीं गई है। एएसपी अभय सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। वही पीड़ित परिवार से भी हमले, पुरानी रंजिश व लेनदेन के विवाद आदि की जानकारी जुटा रही है। तहरीर मिलने पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी।
