मुरादाबाद :  प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ाने को नर्सरी में लगेगा छिपकली और परदा बेल, नगर आयुक्त ने किया अमृत सरोवर का निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कल्याणपुर मुस्तकीम के अमृत सरोवर में बच्चों के मनोरंजन के लिए रहेगी पैडल नाव, कंपनी बाग स्थित नर्सरी, नगर वृक्ष और अमृत सरोवर का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

अमृत सरोवर का निरीक्षण करते नगर आयुक्त संजय चौहान, साथ में अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह व अन्य

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में नगर निगम की नर्सरी में प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ाने को छिपकली, परदा व फूलदार बेल लगाई जाएगी। नगर आयुक्त संजय चौहान ने साल के पहले दिन सोमवार को महानगर में निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए पौधे लगाने और उनके संरक्षण पर जोर देना होगा।

नगर आयुक्त को कर्मचारियों ने बताया कि नगर वृक्ष बरगद प्रजाति का वृक्ष है जिसकी आयु 114 वर्ष है। इसका पौराणिक नाम वट है। यह औषधीय गुणों से भरपूर है। इस वृक्ष ने अपने जीवन काल में 7980 टन आक्सीजन उत्पादन किया है। जबकि 2280 टन कार्बन डाइआक्साइड अवशोषित किया है। दूषित वायु 11400000 वर्गमीटर को फिल्टर करने से तापमान में 3-4 डिग्री की कमी की है। 40,00,000 रुपये का आक्सीजन उत्पादन किया है। नगर आयुक्त ने नर्सरी के चारों ओर प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ाने के लिए नर्सरी की दीवारों पर अंदर की तरफ छिपकली बेल, बाहरी दीवार पर परदा बेल के साथ फूलदार बेल लगाने का निर्देश दिया। कहा कि नर्सरी के सौंदर्यीकरण में तेजी लाई जाए।

इसी क्रम में नगर आयुक्त ने कल्याणपुर मुस्तकीम स्थित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत सरोवर योजना में गंभीरता बरतें। सरोवर के चारों ओर पेवर घास लगाने के लिए कहा। सरोवर में बच्चों के मनोरंजन के लिए पैडल बोट अर्थात पैर से चलाने वाली नाव की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। मुख्य मार्ग से कल्याणपुर ग्राम तक जाने वाले रास्ते को पक्का कर सरोवर के निकट पार्क विकसित कर इसमें झूला लगाने के लिए नगर आयुक्त ने कहा। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या करने के आरोपी जीजा-साले पर गैंगस्टर

संबंधित समाचार