काशीपुर: एटीएम लूट के फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
काशीपुर, अमृत विचार। एसबीआई के एटीएम लूट की घटना में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से 70 हजार की नगदी व 12 बोर का तमंचा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदलकर रह रहा था।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर एटीएम लूट की घटना में वांछित चल रहे आरोपी इंतेजार निवासी ग्राम शाहपुर, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश का पुराना ढेला पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से काशीपुर एटीएम चोरी की घटना के 70 हजार की नगदी व 12 बोर तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
मामले का खुलासा करते हुए एएसपी सिटी अभय सिंह व सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि उक्त आरोपी शातिर किस्म का आरोपी है। जो अपने साथियों के साथ मिलकर रेकी के बाद लूट व डकैती की योजना बनाता था। यह आरोपी काशीपुर के साथ ही राजस्थान में कोटपूतली और चौमू तथा यूपी के मथुरा में हुई डकैती में शामिल था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह साथी विनोद उर्फ विकास के साथ मिलकर लूट की योजना बनाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदल-बदलकर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया।
पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा, एसआई नवीन बुधानी, सुनील सुतेड़ी, एएसआई प्रकाश बोरा, कांस्टेबल प्रेम सिंह कनवाल, एसओजी कांस्टेबल कुलदीप व सुरेन्द्र सिंह, गौरव सनवाल शामिल रहे।
