मुरादाबाद : वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के खिलाफ नरमू आंदोलित, डीआरएम कार्यालय परिसर में की नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीआरएम कार्यालय में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के कार्यकर्ता

मुरादाबाद। मृतक आश्रितों की तैनाती में विलंब, पदोन्नति पाने वाले कर्मियों के पदस्थापन में देरी और उनके उत्पीड़न के विरोध में रेलकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। नार्दन रेलवे मेंस यूनियन (नरमू) के सदस्यों ने गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में हंगामा किया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (सीनियर डीपीओ) से नाराज कर्मचारियों ने एक घंटे विरोध प्रदर्शन किया। सीनियर डीपीओ कार्यालय में बैठे रहे और बाहर कर्मचारी हाय-हाय के नारे लगाते रहे।

नरमू के सदस्यों ने भोजनावकाश (लंच ऑवर) में विरोध- प्रदर्शन किया। संगठन के मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा, उपाध्यक्ष कुंवर सुहेल खालिद, शिवराज सिंह, सुनील शर्मा, मनोज कुमार शर्मा, आईवन एडिशन, मंजू बिष्ट, मोहित गुप्ता, जितेंद्र सिंह, संजय माथुर, निर्भय शर्मा और वीरेंद्र सिंह की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन हुआ। कर्मचारियों के शोर और नारेबाजी से पूरा परिसर गूंजता रहा।

1

उधर, कर्मचारी नेताओं ने जरूरी प्रकरणों में कर्मचारी संगठनों के अधिकार की अनदेखी का आरोप लगाया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि विभाग में पदोन्नति पाने वाले कर्मचारी चार से छह महीने भटकने को मजबूर हैं। जबकि, नियम है कि कर्मचारी मुद्दों को लेकर संगठनों से कार्मिक विभाग चर्चा करें, मगर ऐसा नहीं हो रहा है। अवकाश के दिनों में भी कर्मचारियों से काम लिया जा रहा है।

नरमू के मंडल मंत्री राजेश चौबे ने कहा कि प्रबंधन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर्मचारी सामान्य स्थिति में नहीं करते हैं। 60 से अधिक मृतक आश्रित समायोजन के लिए भटक रहे हैं। हालांकि, कर्मचारियों के गुस्से के बाद सीनियर डीपीओ ने एक सीएलआई के प्रमोशन का आदेश जारी कर दिया। छह अन्य मामलों का निस्तारण कर दिया, लेकिन उनके व्यवहार को लेकर कर्मचारी गुस्से में है। कहा कि अन्य मांगों को लेकर हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा, इसके बाद भी बात नहीं बनती है तो हम व्यापक आंदोलन करेंगे।

 

ये भी पढ़ें:मुरादाबाद: कोर्ट नहीं पहुंचीं जयाप्रदा, फिर से जारी हुआ एनबीडब्ल्यू

संबंधित समाचार