हरदोई में बेखौफ हमलावरों ने दिनदहाड़े किशोरी पर किया हमला, चाकू से चेहरे पर किया वार
हरदोई, अमृत विचार। किशोरी घर कुछ खरीददारी करने निकली,उसी बीच मास्क से मुंह ढके तीन बाइक सवार उसके पास रुके,एक बाइक सवार ने किशोरी के चेहरे पर चाकू से वार कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस तरह की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस हमले की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। वहीं सीओ सिटी अंकित मिश्रा मेडिकल कालेज पहुंचे, जहां उन्होंने किशोरी और उसकी मां से पूछताछ की। फिलहाल सारा मामला अभी उलझा हुआ मालूम पड़ रहा है।
बताया गया है कि टड़ियावां थाने के कपूरपुर निवासी हरिहर शहर में मज़दूरी करता है। उसने कोतवाली देहात के महोलिया शिवपार में किराए पर मकान ले रखा है। हरिहर अपनी पत्नी सुनीता,14 वर्षीय पुत्री मोहिनी,दूसरी पुत्री राशि और पुत्र अंकित के साथ रहता है। जैसा कि सुनीता ने बताया कि मोहिनी गुरुवार की सुबह पहले पानी भरने के लिए बाहर निकली,उसके बाद कुछ खरीददारी करने वहीं पास की दुकान पर जा रही थी,उसी बीच एक बाइक जिस पर तीन युवक सवार थे, जिन्होंने अपने मुंह पर मास्क लगा रखा था, उसमें से एक युवक बाइक से उतरा और मोहिनी के ऊपर चाकू से वार कर दिया। उसने बचने की कोशिश की,चाकू उसके चेहरे को चीरता हुआ निकल गया। इस तरह से दिनदहाड़े हमला होता देख वहां आस-पड़ोस के लोग दौड़े, लेकिन उससे पहले बाइक सवार भाग गए।
किशोरी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। लोगों के हमलें को ले कर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है। उधर मेडिकल कालेज पहुंचे सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने इस बारे में पूछताछ की। एएसपी पूर्वी नृपेंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस सारे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
ये भी पढ़ें -हरदोई में स्कूलों का बदला समय - कड़ाके की ठंड में ये होगी timing
