रुद्रपुर: 2.325 किलो चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना गदरपुर पुलिस ने चरस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में चरस की खेप पकड़ी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस का मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया है। पकड़ी गई चरस की लाखों में आंकी गई है।
शुक्रवार को खुलासा करते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी और सीओ बाजपुर भूपेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि 4 जनवरी को गदरपुर पुलिस कनकटा चौराहे के समीप चेकिंग अभियान चला रही थी कि अचानक सामने से बाइक पर सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो आरोपी भागने लगे और बाइक फिसल गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवारों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी मंजीत कांबोज निवासी नूरपुर स्वार रामपुर यूपी बताया, जबकि दूसरा साथी मेहर सिंह निवासी बाजेवाला केलाखेड़ा मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 2.325 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फरार आरोपी के साथ उसकी पार्टनरशिप है और दोनों ही चरस लाकर बेचते हैं और कमाई रकम को आपस में बांट लेते हैं। पुलिस के अनुसार बरामद माल की कीमत छह लाख रुपये के करीब है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
