गोंडा: मंत्री की नाराजगी के बाद जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता निलंबित, हड़कंप
गोंडा। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से चलाई जा रही हर घर नल योजना में लापरवाही मिलने पर जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता मोहम्मद इमरान को निलंबित कर दिया गया है। पिछले दिनों पेयजल योजनाओं के तहत कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह योजना की धीमी प्रगति पर अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई थी माना जा रहा है कि मंत्री के नाराजगी के बाद अधिशासी अभियंता के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।

दरअसल प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पिछले दिनों जनपद के दौरे पर आए थे। इस दौरान उन्होंने पेयजल योजना के तहत कराए गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण में हर घर नल योजना के अंतर्गत जल निगम के अफसर की लापरवाही सामने आई थी। मंत्री की समीक्षा बैठक के दौरान निकलकर सामने आया था हर घर जल नल योजना के तहत जिले में 900 यूनिट बनाई जानी है, लेकिन अभी तक 300 के करीब यूनिट पर ही काम चल रहा है। जल जीवन मिशन योजना में धीमी रफ्तार से कार्य किया जा रहा है।
इस लापरवाही के कारण गोंडा प्रदेश में 55 वें नंबर पर है। जिले के 400 गांवों में विवाद होने के चलते अभी यूनिट बनाना शुरू ही नहीं हुआ है। इस लापरवाही पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता मोहम्मद इमरान को जमकर फटकार लगाई थी। मंत्री की नाराजगी के बाद अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई ताई मानी जा रही थी। शुक्रवार को जल निगम के एमडी बलकार सिंह ने जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता मोहम्मद इमरान को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: गोंडा: बलिदानी कारसेवक के परिजनों को मिला प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण, हुए गदगद
