उमेश पाल हत्याकांड : सरकारी गवाह से हुई लूट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
प्रयागराज, अमृत विचार। उमेश पाल हत्याकांड के शूटर विजय चौधरी उर्फ उस्मान के एनकाउंटर मामले में सरकारी गवाह बने नीरज शुक्ला से हुई लूट के मामले में कौंधियारा पुलिस और एसओजी यमुनानगर ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी हाईवे से की गई है। इनके पास से तलाशी में आठ मोबाइल व बम बरामद किए हैं।
मालूम हो कि उमेश पाल हत्याकांड में शामिल शार्प शूटर विजय चौधरी उर्फ उस्मान के एनकाउंटर के मामले में सरकारी गवाह बने नीरज शुक्ला निवासी ग्राम भमोखर बीते 27 जून 2023 को कौंधियारा स्थित अपनी दुकान से बोलेराे से वापस घर आ रहे थे। रात करीब 10.30 बजे विजय के भाई राकेश चौधरी, मुन्नालाल सोनकर, शिव प्रसाद, विपिन, राकेश भारतीया व दो अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी पर फायर कर दिया था। उन लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया था। उस दौरान वहां से जान बचाकर किसी तरह से सभी भागे थे।
पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान पहले अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के बाद मो. नायाब और मो. सैफ निवासी ग्राम पुतनहिया थाना घूरपुर का नाम प्रकाश में आया था। शुक्रवार को एसओजी यमुनानगर और कौंधियारा पुलिस ने उन्हें सड़वा नहर के पास हाईवे के किनारे से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से आठ मोबाइल व आठ बम बरामद हुए हैं। नायाब के खिलाफ तीन व मो. सैफ के खिलाफ पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें -मुरादाबाद : सीसीटीवी फुटेज की मदद से बाइक चोर गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस भी बरामद
