हल्द्वानी: युवक का अपहरण, हाथ-पैर बांध कर फेंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता युवक का अपहरण हो गया। अपहर्ताओं ने युवक को बंधक बनाकर रखा और पीटा। अपहर्ताओं ने युवक के हाथ-पैर बांध कर बेलबाबा के पास जंगल में फेंक दिया। शुक्रवार को लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को बेहोशी की हालत में बरामद किया और एसटीएच में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

पश्या ओखलकांड खनस्यू निवासी दीपक चंद्र कुड़ाई (22 वर्ष) पुत्र जगदीश चंद्र कुड़ाई बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। परिजनों के मुताबिक बीती 1 जनवरी की सुबह दीपक घर का सामान लेने के लिए बाजार गया था। देर तक न लौटने पर उसी रोज करीब 11 बजे दीपक की बहन ने फोन किया तो कुछ देर में लौटने की बात कही, लेकिन लौटा नहीं।

इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन लगातार फोन करते रहे और 2 जनवरी की दोपहर करीब साढ़े 3 बजे फोन स्विच ऑफ हो गया। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को दीपक की लोकेशन रुद्रपुर मिली। 

पुलिस इधर जांच में जुटी थी कि शनिवार सुबह टीपीनगर पुलिस को किसी ने सूचना दी कि बेलबाबा स्थित जंगल के पास एक युवक पड़ा है। जिसके हाथ और पैर बंधे हुए हैं। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को एसटीएच में भर्ती कराया। यहां युवक की शिनाख्त लापता दीपक के रूप में हुई। जिसके बाद जांच के लिए खनस्यू से दरोगा भी मौके पर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि दीपक का अपहरण किया गया था, लेकिन किसने किया यह नहीं पता। दीपक के हाथ और पैर में चोट और खरोंच के निशान हैं। 

अपहर्ताओं ने किया बड़े भाई को फोन
हल्द्वानी : दीपक की बरामदगी की सूचना बहन और बड़ा भाई एसटीएच पहुंचे। बड़ा भाई टीपीनगर स्थित एक होटल में शेफ है। उसने बताया कि चार जनवरी की रात करीब 11 बजे होटल के नंबर एक अंजान व्यक्ति का फोन आया। उसने बताया कि दीपक उसके कब्जे में है। उसने भरोसा दिया कि वह दीपक सुरक्षित है और बैंक से पैसे निकलते ही उसे छोड़ देंगे। इसके बाद जिस नंबर से फोन आया वो भी स्विच ऑफ हो गया। पुलिस इस नंबर की भी जांच कर रही है। 

लड़की से प्यार, एटीएम से निकाले चार हजार
हल्द्वानी : पता लगा है कि दीपक उसके गांव के पास ही रहने वाली एक लड़की से प्यार करता है। लापता होने से पहले एक जनवरी को वह न सिर्फ लड़की से मिला, बल्कि खनस्यू में ही एक एटीएम से चार हजार रुपये भी निकाले।

मामले में यह लड़की भी संदिग्ध है। क्योंकि लड़की को भी चोट लगी है और परिजनों ने उसे भी इलाज के लिए एसटीएच में भर्ती कराया था। पुलिस ने मामले में लड़की के बयान भी दर्ज किए हैं। वहीं दीपक के परिजनों ने प्रेम-प्रसंग की जानकारी से इंकार किया है। 

संबंधित समाचार