हरिद्वार: हल्द्वानी से दून लेकर जा रहे थे चरस की खेप, एक किलो बरामद
हरिद्वार, अमृत विचार। कॅरियर बनाने की उम्र में युवा नशा तस्करी के दलदल में उतर रहे हैं। हरिद्वार पुलिस ने एक किलो चरस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर शनिवार को यह खुलासा किया है।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि 'नशामुक्त देवभूमि मिशन 2025' को सफल बनाने के अभियान में थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा को सूचना मिली कि बिना नंबर की लग्जरी कार से हल्द्वानी से देहरादून नशे की खेप पहुंचाई जा रही है। इस पर पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग शुरू कर दी।
चंडीघाट चौकी पर चौकी प्रभारी अशोक रावत और कांस्टेबल तेजेंद्र सिंह ने नजीबाबाद की तरफ से हरिद्वार की ओर आ रही आई-20 कार को रोकने का प्रयास किया, जिस पर चालक ने कार को चीला रोड पर डायवर्ट कर दिया। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर स्लाइडिंग बैरियर लगाकर कार को रुकवा लिया।
हल्द्वानी में खरीदी, दून के कॉलेज में सप्लाई
एसएसपी के अनुसार, कार में मिले तीन युवकों से एक किलो चरस बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि तीनों तस्कर चरस को हल्द्वानी से खरीदकर देहरादून के एक नामी कॉलेज के छात्रों को बेचने जा रहे थे। तीनों आरोपी अर्जुन मनारिया पुत्र पुष्पेन्द्र कुमार निवासी छोटा भारूवाला देहरादून, तरुण बिष्ट पुत्र मदन बिष्ट निवासी शक्ति फार्म, सितारगंज, ऊधमसिंह नगर और अक्षत रावत पुत्र गोपाल रावत निवासी दुर्गा बिहार, विकासनगर, देहरादून के खिलाफ थाना श्यामपुर में एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज किया गया। इनमें अर्जुन का मर्चेंट नेवी में सलेक्शन हो चुका है और कॉल लेटर आना बाकी है। अन्य दो अभियुक्त तरुण व अक्षत देहरादून के एक नामी कॉलेज के बीबीए और बीसीए के सेकेंड ईयर के छात्र हैं।
पुलिस खंगाल रही हिस्ट्री
पूछताछ में सामने आया कि तरुण और अक्षत, अर्जुन की मदद से देहरादून के कॉलेजों में चरस की सप्लाई करते आ रहे थे। तीनों आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, 3 आईफोन और नगदी बरामद हुई है। एसएसपी ने बताया कि इन नशा तस्करों की हिस्ट्री खंगाली जा रही है। नशा तस्करी रोकने के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं और इसके बेहतर परिणाम भी मिल रहे हैं।
