गरमपानी: 930 का सिलेंडर 1500 में बेच रहे तस्कर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित खैरना क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर का काला कारोबार चरम पर पहुंच गया है। कालाबाजारी में लिप्त तस्कर अब सरकारी गैस वाहन से 930 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से थोक में सिलेंडर उतार 1500 रुपये में बिक्री करने में जुटे हैं। थोक में सिलेंडर उतार लिए जाने से जरूरतमंदों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे। पूर्ति निरीक्षक अनीता पंत के अनुसार मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। थोक में सिलेंडर उतारने वालों को भी चिह्नित किया जाएगा। 

हाइवे पर स्थित खैरना व आसपास रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी जोरों पर है जहां एक ओर पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों से सिलेंडर व पेट्रोलियम पदार्थ उतार कालाबाजारी की जा रही है वहीं अब बेतालघाट स्थित गैस गोदाम से उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर लेकर पहुंचने वाला वाहन भी तस्करों के निशाने पर हैं।

कालाबाजारी में लिप्त तस्कर गैस गोदाम से क्षेत्र में पहुंचने वाले वाहन से थोक में सिलेंडर उतार लें रहे हैं। सरकारी कीमत में सिलेंडर लेने के बाद 1500 रुपये की ऊंची कीमत पर जरूरतमंदों को सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। कालाबाजारी से सरकार को चपत लगाने के साथ ही जरूरतमंदों को भी ऊंची कीमत पर सिलेंडर मिल रहे हैं।

लोगों ने कालाबाजारी में लिप्त तस्करों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। पूर्ति निरीक्षक अनीता पंत के अनुसार थोक में सिलेंडर नहीं उतारे जा सकते हैं। उपभोक्ता को ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है। दावा किया की बेतालघाट स्थित गोदाम के कर्मचारियों को पत्राचार किया जाएगा। कालाबाजारी पर सख्ती से अंकुश लगाने को ठोस कदम उठाए जाएंगे। 

संबंधित समाचार