खटीमा: एसओजी और पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे को झोंकी ताकत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा,अमृत विचार। बाबा भारामल मंदिर के पुजारी और सेवक की हत्या के खुलासे को लेकर एसओजी सहित जिलेभर के पुलिस के अधिकारियों ने रात दिन एक कर दी है। पुलिस की कई टीमें उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गई हैं। अपर पुलिस अधीक्षक और एसपी क्राइम ने डाला डेरा।

थाना झनकईया क्षेत्र में आने वाला बाबा भारमल मंदिर में हुई मंदिर के पुजारी हरी गिरी महाराज और सेवादार रूप सिंह की हत्या के मामले में हत्यारों तक पहुंचने के लिए एसओजी और पुलिस सहित विभिन्न एजेंसियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल और एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के ने थाने में डेरा डाल पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे हैं।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी पुलिस की कार्रवाई के संबंध में लगातार फीडबैक ले रहे हैं। हत्याकांड के खुलासे को लेकर एसओजी और पुलिस की कई टीमें उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही हैं। जिसका जिलेभर के कई उपनिरीक्षकों को जिम्मा सौंपा गया है।

बता दें कि पांच जनवरी की रात बाबा भारामल मंदिर पर पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर के पुजारी हरि गिरि महाराज और सेवादार रूप सिंह बिष्ट की लाठी डंडों से पीट कर हत्या करती थी। और एक अन्य सेवादार नन्हें को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसका नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं एक अन्य सेवादार जगदीश ने छुपकर अपनी जान बचाई थी। जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। इधर पुलिस वन विभाग के सहयोग से जंगल क्षेत्र में लगे कैमरों को भी खंगालने में लगी है।


पुजारी के भाई की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज
खटीमा। बाबा भारामल के पुजारी हरि गिरि महाराज की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके भाई की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के ग्राम कासिमपुर तहसील व थाना बीसलपुर जिला पीलीभीत निवासी सुखलाल ने पुलिस के सौंपी तहरीर में कहा है कि उसके भाई हरि गिरि महाराज पुत्र सुखदेव गिरी बाबा भारामल मंदिर में महंत थे। यह भी कहा है कि पांच जनवरी की सुबह उन्हें सूचना मिली कि रात्रि में अज्ञात लोगों ने हरिगिरि महाराज और सेवादार रूप सिंह निवासी बग्गा चौवन की हत्या कर दी है और नन्हें पुत्र सियाराम निवासी अमरकोड, बीसलपुर जिला पीलीभीत को घायल कर दिया जो अस्पताल में भर्ती है।

तहरीर में यह भी कहा है कि जहां उसके भाई की हत्या हुई वहां उनका झोला, टूटा दानपात्र और बिखरा समान पड़ा हुआ था। पीड़ित ने पुलिस से मामला दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस ने सुखलाल की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ धारा 302/307 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार