मुरादाबाद : अतिक्रमण व पार्किंग न होने से सुचारु यातायात प्रबंधन में अड़चन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रेलवे स्टेशन, डिप्टी गंज, कोर्ट रोड, टाउनहॉल पर अतिक्रमण के चलते दिनभर रहती है जाम की स्थिति 

डिप्टी गंज चौराहे के पास सड़क पर खड़े वाहन, कांठ रोड पर सड़क पर खड़े चार पहिया वाहन।

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में यातायात प्रबंधन में कहीं स्मार्ट सिटी के काम तो कहीं अतिक्रमण अड़चन बना है। महानगर के पुराने बाजारों डिप्टीगंज, रेलवे स्टेशन, कोर्ट रोड, टाउनहाल पर दुकानों के आगे सामान रखकर दुकानदारों ने फुटपाथ को घेर रखा है। वहीं सड़क के किनारे खड़े बेतरतीब वाहनों से भी जाम लगने पर लोगों का समय बर्बाद होता है। मैरिज हाल, बैंक्वेट हाल, रेस्टोरेंट में पार्किंग की व्यवस्था न होने पर बाहर खड़े वाहन जाम का कारण बने हैं। 

महानगर के कई बड़े होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज हाल में पार्किंग का प्रबंधन नहीं है। इससे यहां आने वाले लोग अपने वाहन सड़क पर जहां-तहां खड़ा कर देते हैं। इससे अक्सर जाम लगता है। वहीं कोर्ट रोड, डिप्टीगंज, टाउनहाल, कचहरी रोड, कांठ रोड पर भी कई जगह दुकानों के आगे सामान रखकर व वाहन खड़ा होने से जाम लग रहा है। सोमवार व अन्य कार्यालयी दिवसों में वाहनों की संख्या अधिक होने से इन जगहों पर भीड़ लगी रहती है। स्कूल-कॉलेजों के अवकाश के समय वाहनों की बेतरतीबी व फुटपॉथ घेरने से कई बार महानगर में जाम यातायात प्रबंधन पर भारी पड़ता है। 

हालांकि जिलाधिकारी ने सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है फिर भी अधिकारी व कारोबारी गंभीर नहीं हैं। यह स्थिति तब है जब समय-समय पर सड़क सुरक्षा अभियान के तहत लोगों यातायात नियमों का पालन करने का पाठ भी पढ़ाया जाता है। इसके अलावा इन दिनों कांठ रोड पर स्मार्ट सिटी के कार्य व सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के जल निगम के कार्य से सड़कों की खोदाई और रोड कटिंग से जगह कम होने से जाम लग रहा है। चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मी व्यवस्था बनाने के लिए लगे हैं। लेकिन, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हाल के बाहर खड़े वाहन हटवाने में वह भी कई बार लाचार हो जाते हैं। 

एमडीए के उपाध्यक्ष शैलेश कुमार का कहना है कि नये बैंक्वेट हाल, रेस्टोरेंट या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान के निर्माण का नक्शा तभी स्वीकृत किया जा रहा है, जब उसमें पार्किंग का प्रबंध हो। पुराने मोहल्ले, बाजार व पहले के निर्माण में यदि पार्किंग की समस्या से जाम लगता है तो इसका समाधान नगर निगम प्रशासन को कराना चाहिए।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : परीक्षा में अच्छे अंक लाने को सोशल मीडिया से दूरी जरूरी, पूरी नींद लेना भी अति आवश्यक

संबंधित समाचार