सितागंज: बालाजी फैक्ट्री में खड़े ट्रक से 5 लाख की चोरी
सितारगंज, अमृत विचार। औद्योगिक पार्क की बालाजी फैक्ट्री में खड़े ट्रक के लॉकर से चोर 5 लाख रुपए उड़ा ले गए। चालक को जब चोरी का एहसास हुआ तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर की तहरीर पर मुकदमा कायम किया है।
जानकारी के अनुसार बगवाड़ा निवासी उमेश कुमार शर्मा पुत्र अनंत राम ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि वह ट्रांसपोर्ट संचालक है।
उसके ट्रांसपोर्ट का वाहन जो सीतापुर उत्तर प्रदेश से माल खाली कर 3 जनवरी को सिडकुल की बालाजी एक्शन फैक्ट्री में माल लोड करने आया था। गाड़ी चालक के पास खाली किए हुए माल वो पहले खाली की गई गाड़ी का भाड़ा जो करीब 5 लाख रुपए है मौजूद था।
आरोप है कि चालक ने वाहन लोड कर फैक्ट्री परिसर सिडकुल में खड़ा किया था। इसके बाद वह बिल लेने फैक्ट्री गेट पर गया जो वाहन से करीब 200 मीटर की दूरी पर था। करीब 20 मिनट बाद जब चालक वापस आया तो वाहन के डैस बोर्ड का लॉक टूटा हुआ था। जिसमें रखे करीब 5 लाख रुपए गायब थे। पैसे गायब होने पर चालक ने चोरी की सूचना फैक्ट्री में दी। इसके बाद चोर की काफी तलाश की गई। लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
