हल्द्वानी: राष्ट्रीय खेल में 34 प्रतियोगिताएं, कोचिंग मिल रही सिर्फ 15 में
हल्द्वानी, अमृत विचार। 38वें राष्ट्रीय खेल का आयोजन राज्य में होने से युवाओं में खासा उत्साह है, लेकिन तैयारियों में खेल विभाग काफी पीछे है। इधर, खेल मंत्री रेखा आर्य राष्ट्रीय खेलों में 4 और प्रतियोगिताएं शामिल करने व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य को टॉप-10 में लाने की बात कर रहे हैं।
इस साल होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर जिले में खास प्रगति नहीं दिखती। राष्ट्रीय खेल में 34 खेल प्रतियोगिताएं होनी हैं, लेकिन हल्द्वानी में युवाओं को 15 खेलों की ही कोचिंग मिल रही है।
इधर, 15 खेलों के लिए गौलापार व मिनी स्टेडियम में कैंप लगाए गए हैं, लेकिन इसमें शामिल होने के लिए युवाओं को 50 रुपये का फॉर्म भरना पड़ता है। साथ ही, जिले के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले युवाओं को अपने आने-जाने व रहने का खर्च स्वयं वहन करना होता है।
आश्चर्य जनक बात यह कि राष्ट्रीय खेलों के तहत स्वीमिंग, फुटबॉल, ताइक्वांडो, खो-खो सहित 8 खेल प्रतियोगिताएं शहर में होनी प्रस्तावित हैं, लेकिन इनमें से जुडो, वुशु व ट्रायथलॉन में युवाओं को कोचिंग देने की कोई व्यवस्था खेल विभाग के पास नहीं है।
इन 15 खेलों के लगे हैं कैंप
एथलेटिक्स, फुटबॉल, किक्रेट, स्वीमिंग, वॉलीबॉल, हॉकी, बेटमिंटन, बॉक्सिंग, बास्केटवॉल, कबड्डी, खो-खो, ताइक्वांडो, साइकिलिंग, टेबल टेनिस, जुजुत्सु।
खिलाड़ी कहीं से भी कोचिंग ले सकते हैं, लेकिन वे राज्य की टीम से ही खेलेंगे।
- जानकी कार्की, क्रीड़ा अधिकारी
