Kanpur News: भारी मांग के बावजूद नहीं बन रहे पिंक टॉयलेट, महिलाओं को हो रही परेशानी, लोगों में दिख रही नाराजगी...
कानपुर में भारी मांग के बावजूद पिंक टॉयलेट नहीं बन रहे हैं।
कानपुर में 10 वर्षों से भारी मांग होने के बावजूद पिंक टॉयलेट नहीं बन रहे हैं। पिंक टॉयलेट न होने से बाजार आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर क्षेत्र में करीब 2 से 3 लाख की आबादी के बीच महिलाओं के लिए एक भी पिंक टॉयलेट नहीं है। कल्याणपुर-पनकी रोड बाजार, पुराना शिवली और नई शिवली रोड, इंदिरानगर से लेकर नहरिया तक करीब तीन से चार किलोमीटर के दायरे में महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस क्षेत्र में बड़े-बड़े धार्मिक स्थल, रेलवे स्टेशन और कई बड़े पार्क हैं इसके बावजूद पिंक टॉयलेट नहीं बनाया जा रहा है।
10 वर्षों से हो रही मांग नहीं लिया संज्ञान
क्षेत्र में अलग अलग जगहों पर दो पिंक टॉयलेट बनाए जाने की मांग करीब 10 वर्षों से की जा रही है। सांसद देवेंद्र सिंह भोले के मीडिया प्रभारी अशोक सिंह दद्दा ने बताया कि सबसे अधिक दिक्कत कल्याणपुर-पनकी बाजार में प्रतिदिन करीब 10 हजार से अधिक संख्या में आने वाली महिलाओं को होती है।
व्यापारी विजय गुप्ता ने बताया कि बाजार में छोटी-बड़ी मिलाकर करीब 500 से अधिक दुकानें हैं। जिनमें खरीददारी के लिए आने वाली महिलाओं को दिक्कत होती है। महिला दुकानदार रश्मि ने बताया कि महिला ग्राहक पिंक टॉयलेट नहीं होने के कारण बाजार में आती भी नहीं हैं दुकानों में भी महिला कर्मचारी काम करती हैं, सभी को कई तरह की दिक्तों से होकर गुजरना पड़ता है।
यहां बन सकते हैं पिंक टॉयलेट
व्यापारी एकता संघर्ष समिति के मुन्ना राय, अभिषेक और सौरभ का कहना है कि हर प्रकार के टैक्स समय पर दिए जाते हैं। लेकिन टॉयलेट बनाने के लिए कोई संज्ञान नहीं ले रहा है। महापौर ने हर चौराहे पर महिलाओं के लिए टॉयलेट बनाए जाने को कहा भी था लेकिन यहां मांग के बाद भी नहीं बनाया जा रहा है। लोगों में इसको लेकर खासी नाराजगी है।
