बरेली: पानी फेंकने का विरोध करने पर रिटायर्ड फौजी ने मारी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर क्षेत्र में छत पर एक जग पानी फेंकने का विरोध करने पर सेवानिवृत्त फौजी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से एक युवक को गोली मार दी। युवक के सिर में गोली के छर्रे लगे हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी बंदूक भी जब्त कर ली है।

थाना क्षेत्र के डेलापीर रोड स्थित आकांक्षा एन्क्लेव निवासी अशोक अग्रवाल ने बताया कि वह आलमगीरीगंज में एक सर्राफ की दुकान पर काम करते हैं। आरोप है कि सोमवार को पड़ोसी सेवानिवृत्त फौजी सुधीश शर्मा ने उनके छत पर एक जग पानी फेंक दिया। इसका उन्होंने विरोध किया तो वह गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगा।

मंगलवार रात को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने मारपीट की। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे वह स्कूटी से मंदिर जा रहे थे। जैसे ही राठौर अस्पताल और स्वामी विवेकानंद आश्रम के बीच पहुंचे कि सामने से आरोपी सुधीश आ गया और गालीगलौज करते हुए अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। इस दौरान छर्रे उनके सिर के पीछे, कमर, पैर में लग गए और वह घायल हो गए।

लोगों की भीड़ जमा होता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ने घायल का मेडिकल कराने के बाद तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। साथ ही आरोपी को कुछ ही घंटे में घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

सेवानिवृत्त फौजी की पत्नी ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
वहीं सुधीश शर्मा की पत्नी आशा देवी ने भी मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि पड़ोसी अशोक अग्रवाल और मनीष अग्रवाल ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए उनके और परिवार के साथ मारपीट की। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

गोली मारने वाले आरोपी रिटायर्ड फौजी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही फौजी की तहरीर पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कर मामले में जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसे आधार बना कर कार्रवाई की जाएगी।
-जयशंकर सिंह, थाना प्रभारी इज्जतनगर

ये भी पढ़ें: बरेली: चलने के लिए नहीं... जेब भरने के लिए बन रही है सड़क

संबंधित समाचार