मुख्यमंत्री ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, बोले- प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर मंडल के चारों जिलों के विकास का खाका तैयार
बरेली, अमृत विचार। लखनऊ से जारी कार्यक्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस शामिल नहीं थी, लेकिन बरेली क्लब ग्राउंड पर जनसभा के बाद मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया तो आननफानन विकास भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया को बुलाया गया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान एलान किया कि बरेली की तरह अब मंडल के बाकी जिला मुख्यालयों को भी सेफ सिटी के तौर पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने बरेली में अपने कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने बरेली में नाथ कॉरिडोर के निरीक्षण के साथ कई विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है। सर्किट हाउस में बैठक के बाद विकास कार्यों की मंडलीय समीक्षा करके जनप्रतिनिधियों और अफसरों से विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली है।
अफसरों को जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं को भी सेफ सिटी के रूप में विकसित करने को कहा है। इन शहरों में बरेली की तरह ट्रैफिक, स्वच्छता और सड़कों की बड़ी कार्य योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। इंटिग्रेटेड कंट्रोल रूम भी बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडल के चारों जिले प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर हैं, उनमें बड़े पैमाने पर विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि बैठक में जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं पर कई सुझाव और प्रस्ताव रखे हैं। कुछ प्रस्तावों को पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है। बाकी पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री और विधायक समेत कई को नहीं मिला प्रवेश
विकास भवन में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे पूर्व मंत्री छत्रपाल गंगवार, पूर्व विधायक बहोरन लाल मौर्य समेत समेत कई जनप्रतिनिधियों ओर अफसरों को प्रवेश नहीं दिया गया जिस पर उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
छत्रपाल गंगवार और बहोरन लाल मौर्य नवाबगंज के विधायक डॉ. एमपी आर्य, मीरगंज विधायक डॉ.. डीसी वर्मा के साथ पहुंचे थे लेकिन सूची में नाम न के कारण सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इसके अलावा बाढ़ खंड, सिंचाई खंड समेत कई विभागों के अधिकारियों को भी प्रवेश नहीं मिला। सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि प्रशासन से उन्हें सिर्फ 26 नामों की ही लिस्ट मिली थी। उसी के मुताबिक प्रवेश दिया गया।
ये भी पढ़ें: बरेली: सीएम ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में बहुउद्देशीय हॉल का किया लोकार्पण, वित्त मंत्री के साथ खेला बैडमिंटन
