Makar Sankranti 2024: इस मकर संक्रांति घर पर बनाएं टेस्टी तिल की बर्फी, यहां जानें बनाने की विधि
मकर संक्रांति का त्योहार आने को है। ऐसे में इसको लेकर लोगों ने तैयारियां शुरू भी कर दी हैं। बता दें मकर संक्रांति का त्योहार भारत के विभिन्न प्रदेशों में अलग-अलग नाम से जाना जाता है। हर जगह इसकी अलग मान्यता है। ये त्योहार सर्दी के मौसम में आता है, इस वजह से इन सभी त्योहारों में तिल से बनी मिठाइयों का खास महत्व होता है।
वैसे तो बाजार में आपको तिल से बनी कई मिठाईयां आसानी से मिल जाती हैं, लेकिन बहुत से लोगों को बाजार की मिठाईयों में मिलावट लगती है। ऐसे में अगर आप चाहें तो घर पर ही तिल की बर्फी बनाकर अपने परिवार वालों को खिला सकती हैं। बता दें तिल की बर्फी बनाना बेहद आसान है। इसे बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। ऐसे में अगर आपको भी तिल की बर्फी खाना पसंद है, तो चलिए आज हम आपको इसे बनाने का आसान तरीका बताते हैं।
तिल की बर्फी बनाने के लिए सामग्री
1 कप तिल
1 कप खोया (मावा)
1/2 कप चीनी
2 टेबलस्पून घी
थोड़ी सी इलायची पाउडर
बनाने की विधि
तिल की बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में तिल को सूखा रोस्ट करें। रोस्ट करते वक्त ध्यान रहे कि ये तिल ज्यादा सुनहरे नहीं होने चाहिए। बस हल्का सा गुलाबी होने के बाद इसे निकाल कर अलग रख लें और ठंडा होने दें।
बता दें जब तक तिल ठंडे हो रहे हैं, तब तक एक अलग पैन में खोया (मावा) डालें और उसमें चीनी मिलाएं। इसे कुछ देर चलाएं, ताकि मावा में चीनी अच्छी तरह से मिल जाए। इसके बाद इस पैन में सूखे हुए तिल डालें। अब मिश्रण में थोड़ा सा पानी डालें और अच्छे से मिलाएं। अब मिलाए हुए मिश्रण को मध्यम आंच पर पकाते रहें, साथ ही साथ थोड़ा सा घी भी डालें।
अब इसे धीरे-धीरे तब तक पकाते रहें, जब तक यह मिश्रण थोड़ा गाढ़ा ना होने लगे। गाढ़ा होने पर इसमें इलायची पाउडर मिलाएं। आखिर में एक प्लेट में घी लगाकर मिश्रण को निकाल लें और इसे ठंडा होने दें। जब बर्फी ठंडी हो जाए, तो इसे छोटे टुकड़ों में काटकर परोसें।
ये भी पढे़ं- सर्दियों में गुजरात के इन बीच पर जाकर करें एंजॉय, खूबसूरत नजारों के साथ मिलेगी शांति
