VIDEO: प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर गोंडा पुलिस ने तैयार किया एक्शन प्लान, जानिये कैसे करेगी अयोध्या सीमा की सुरक्षा?

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा। अयोध्या धाम में आगामी 22 जनवरी को होने जा रहे श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर गोंडा पुलिस ने एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। अयोध्या बॉर्डर पर एक कंपनी पीएसी के साथ बड़े पैमाने पर पुलिस फोर्स की तैनाती रहेगी। मॉनिटरिंग के लिए राजपत्रित अधिकारी तैनात रहेंगे और पूरे सीमा क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरे से कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त अयोध्या सीमा से सटे गांव की निगरानी के लिए ग्रामीण सुरक्षा समितियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है जो किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएंगे। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने आम लोगों से अपील की है कि वह 20 जनवरी से 22 जनवरी तक अयोध्या ना जाएं। 

अयोध्या धाम में भव्य राम मंदिर निर्माण हो रहा है और उसके प्रथम तल के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 22 जनवरी को श्री रामलला के विग्रह को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठित करेंगे। इस समारोह को लेकर अयोध्या में तैयारियां जोरों पर हैं और सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गोंडा पुलिस ने भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह की सुरक्षा को लेकर एक्शन प्लान तैयार किया है। अयोध्या से जुड़े सीमा पर गोंडा पुलिस मुस्तैद रहेगी और सीमा क्षेत्र की निगरानी की जिम्मेदारी संभालेगी।‌

सुरक्षा बंदोबस्त की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सीमा क्षेत्र पर एक कंपनी पीएसी के साथ बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स लगाए जाने की तैयारी की जा रही है। अयोध्या सीमा से सटे होटल ढाबू समेत अन्य सभी लोगों को यह स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि इस दौरान किसी अपरिचित व्यक्ति को अपने यहां न ठहरने दें। अगर कोई बाहर से आता भी है तो उसके पहचान से संबंधित दस्तावेज लेकर उसका सत्यापन कर लें।

किसी भी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध दिखने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को मुहैया कराएं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अयोध्या सीमा से सटे गांव की निगरानी के लिए ग्राम सुरक्षा समितियां को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित थाने के एसएचओ लगातार इन समितियां के संपर्क में हैं। इसके अतिरिक्त पूरे सीमा क्षेत्र की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे की तैनाती की जाएगी। 

एसपी की अपील- 20 से 22 तक न जाएं अयोध्या

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर रूट डायवर्जन प्लान भी तैयार किया गया है। 20 जनवरी से ही अयोध्या जाने वाले रास्तों पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया जाएगा किसी भी बड़े या छोटे वाहनों को इन मार्गों से प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। एसपी ने अपील की है कि लोग 20 से 22 जनवरी तक अयोध्या न जाएं।

यह भी पढ़ें: गोंडा: निमंत्रण ठुकराने वाले नेताओं पर भड़के बृजभूषण, कहा- इन्हें निमंत्रण देना ही नहीं चाहिए था

संबंधित समाचार