रुद्रपुर: तमंचे से नहीं, बल्कि 12 बोर की पौनिया गोली से हुई सन्नी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। लालपुर के रहने वाले 17 वर्षीय सन्नी से मौत तमंचे से नहीं, बल्कि 12 बोर की अवैध पौनिया से निकली गोली से हुई है। प्रकरण को लेकर कोतवाली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोपी नाबालिग दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से 12 बोर की पौनिया बरामद कर आरोपी को बाल सुधार गृह जेल भेज दिया गया है।

बताते चलें कि आठ जनवरी की शाम को लालपुर निवासी नाबालिग 17 वर्षीय सन्नी सिंह की गोली लगने से मौत हो गई थी। वारदात के दौरान परिजनों का कहना था कि युवक को मलसा गांव निवासी एक दोस्त बाइक पर बैठाकर ले गया था और कुछ देर बाद गोली लगने के कारण सन्नी को रुद्रपुर स्थित निजी अस्पताल भी लेकर गया। मगर जब डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया तो आरोपी दोस्त शव को वहीं छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने मृतक के चाचा जग्गू सिंह की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

एसएसआई कमाल हसन ने बताया कि पुलिस सन्नी मौत प्रकरण की तफ्तीश कर ही रही थी कि गुरुवार की शाम को खबर मिली कि प्रकरण का मुख्य आरोपी गंगापुर मार्ग पर देखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि मृतक का आरोपी दोस्त नाबालिग है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर नजदीक ही झाड़ियों से एक 12 बोर की पौनिया बरामद की। बताया कि वारदात के दौरान गोली तमंचे से चलने की बात सामने आई थी। पड़ताल में तमंचा नहीं, बल्कि 12 बोर की अवैध पौनिया बरामद की गई। चूंकि आरोपी नाबालिग है तो अदालत के सामने पेश कर बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।

संबंधित समाचार