प्राण प्रतिष्ठा समारोह : किसी भी तरह की मेडिकल इमरजेंसी के लिए अयोध्या अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने किये ये इंतजाम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ट्रस्ट के सहयोग से भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्वास्थ्य विभाग देगा सेवाएं, दो अस्थायी अस्पतालों के अलावा 190 बेड भी आरक्षित

अयोध्या, अमृत विचार। श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए क्षेत्र के सोलह स्थानों पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के साथ मिलकर स्वास्थ्य विभाग फर्स्ट एड यूनिट बना रहा है। इस यूनिट में एक डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट व एक वॉर्ड बॉय की मौजूदगी रहेगी। यह फर्स्ट एड यूनिट भीड़ वाली जगहों जैसे हनुमान गुफा, साकेत पेट्रोल पंप, कनक भवन, हनुमानगढ़ी आदि स्थानों पर बनेगी।
     
इस यूनिट में आवश्यक जरूरी दवाएं नैबुलाइजर, ऑक्सीजन की व्यवस्था रहेगी। ब्लड शुगर की जांच की सुिवधा रहेगी। इनके अलावा दो अस्पताल भी बनाये जाएंगे, जिसकी क्षमता 10 व 20 बेड की होगी। इसमें डॉक्टर्स की मौजूदगी रहेगी। इसके अलावा 40 एंबुलेंस की भी व्यवस्था की जा रही है, जो अयोध्या क्षेत्र के अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थानों पर खड़ी की जाएंगी। सीएमओ डॉ.संजय जैन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद के मेडिकल कॉलेज, श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या, जिला अस्पताल अयोध्या, महिला जिला अस्पताल व कुमारगंज के चिकित्सालय में 190 बेड आपातकालीन स्थिति के लिए आरक्षित रखे गये हैं। 

गंभीर स्थिति पर लखनऊ तक रेफर करने की रहेगी व्यवस्था 
आयोजन के दौरान किसी भी व्यक्ति को आपात स्थिति में पहले आयोजन क्षेत्र के दो अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया जाएगा। हालत ठीक न होने की स्थिति में उसे श्रीराम चिकित्सालय रेफर किया जाएगा। इसके बाद भी स्थिति ठीक न दिखी तो मेडिकल कॉलेज और उसके बाद लखनऊ मेडिकल कॉलेज, ट्रॉमा सेंटर व राम मनोहर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर करने की व्यवस्था की गई है।

ये भी पढ़ें -गोंडा: 'रामकाज' में सेवाभाव की आहुति देगा आयुष विभाग, कैंप लगाकर श्रद्धालुओं की होगी सेवा

संबंधित समाचार