Good News: बेड पर होगा एक्सरे, नहीं जाना होगा मरीज को वार्ड से बाहर, हैलट के साथ इन अस्पतालों में लगेंगी पोर्टेबल डिजिटल एक्सरे मशीन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के इन अस्पतालों में पोर्टेबल डिजिटल एक्सरे मशीन लगेंगी।

कानपुर के हैलट इमरजेंसी, जच्चा-बच्चा, बाल रोग व चेस्ट अस्पताल में पोर्टेबल डिजिटल एक्सरे मशीन लगेंगी। शासन से आधुनिक मशीनों के आने पर मरीजों को जांच और इलाज में काफी मदद मिल रही है।

कानपुर, अमृत विचार। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल में दिन प्रतिदिन स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा हो रहा है। शासन से आधुनिक मशीनों के आने पर मरीजों को जांच और इलाज में काफी मदद मिल रही है। हैलट में करीब एक साल से रखीं पोर्टेबल डिजिटल एक्सरे मशीनों को अब चिन्हित विभाग में भेजा जाएगा, जिसके बाद इसका लाभ मरीजों को बेड पर ही मिलेगी।  

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल के वार्ड में भर्ती गंभीर मरीज की हड्डी या अन्य हिस्सों की बारिक से जानकारी के लिए डॉक्टर एक्सरे कराने को बोलते है तो तीमारदार मरीज को उठाकर स्ट्रेचर से एक्सरे कक्ष तक ले जाते थे, जिस वजह से गंभीर रोगियों को काफी तकलीफों से गुजरना पड़ता था। कभी-कभी तो मरीजों का कुछ मर्ज बढ़ भी जाता था।

मरीजों को हो रही इस असुविधा को दूर करने के लिए बीते वर्ष जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने शासन से पोर्टेबल एक्सरे मशीन की मांग की थी। ताकि गंभीर मरीजों को बेड से ही न उठना पड़े और उनका उसी जगह पर ही डिजिटल एक्सरे हो जाए। प्राचार्य की मांग पर उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कारपोरेशन लिमिटेड ने सात डिजिटल पोर्टेबल एक्सरे मशीन कॉलेज प्रशासन को उपलब्ध कराई, लेकिन अभी इनका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।

हैलट के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि रेडियोलॉजी विभाग में मौजूद यह डिजिटल एक्सरे मशीन पोर्टेबल है। विभाग से वार्ता करने के बाद इनको हैलट इमरजेंसी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, रेडियोलॉजी, बाल रोग व मुरारी लाल चेस्ट अस्पताल में भेजा जाएगा। इन मशीनों की खास बात यह है कि पोर्टेबल होने की वजह से यह वार्ड में जाएंगी और फिर मरीज का एक्सरे होगा। इससे मरीज को वार्ड से बाहर नहीं आना होगा। इसके साथ ही मरीज की रिपोर्ट भी मोबाइल पर चंद मिनट में देखी जा सकेगी।

ये भी पढ़ें- Weather Today: ठंड का थर्ड डिग्री टार्चर, शिमला से ज्यादा सर्द कानपुर, मौसम विभाग की चेतावनी… अभी और नीचे जा सकता तापमान

संबंधित समाचार