अयोध्या: मालगाड़ी की एक बोगी हुई बेपटरी, बड़ा हादसा टला
अयोध्या। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा से पहले एक बड़ा रेल हादसा टल गया। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से दोहरीकरण के लिए बिछाई गई नई पटरियों पर एक मालगाड़ी (डीएमटी) बेपटरी हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही रेल अफसरों के पसीने छूट गए। आनन-फानन में मौके पर भारी संख्या में रेल कर्मी व आरपीएफ के जवान पहुंच गए। बड़े-बड़े जग की मदद से डिब्बे को पटरी पर लाने का काम देर तक चलता रहा।
सलारपुर से लेकर अयोध्या धाम जंक्शन तक रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। शनिवार को डीएमटी नई लाइन पर गिट्टियों को डालने का काम हो रहा था। इस दौरान इंजन की 13वीं बोगी से गिट़्टी गिराई जा रही थी कि तभी बोगी के आगे के दो पहिए पटरी से नीचे उतर गए। लाइन पर चल रहा काम रुक गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बेपटरी हुई बोगी के आगे के डिब्बों को इंजन खींच कर नरेंद्र देव स्टेशन ले आया। विभाग के सूत्र बताते हैं कि नई पटरी पर बिना टेस्टिंग के डीएमटी को लाया गया है। यह विभाग की बड़ी लापरवाही है। उधर, मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। अयोध्या कैंट के कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक दिग्विजय कुमार ने बताया कि बोगी को पटरी पर लाने का कार्य कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: अयोध्या: राम मंदिर परिसर में लगेंगे 30 श्रीराम योद्धाओं के चित्र, कारसेवकपुरम भी होगा सुशोभित
