प्राण प्रतिष्ठा : अयोध्या धाम में नौ दिनों तक होगा 'महायज्ञ', लगाए गए आठ हजार से अधिक कर्मचारी
11 ब्लाकों के बीस हजार कार्मिकों के साथ ही राजपत्रित अधिकारी बनाए गए हैं नोडल
अयोध्या, अमृत विचार। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर अयोध्या धाम में वृहद स्तर पर तैयारी की जा रही है। 14 से 22 जनवरी तक चलने वाले नौ दिवसीय विभिन्न कार्यक्रमों को जिला प्रशासन ने कर्मियों की पूरी फौज उतार दी है। 11 ब्लाकों के बीस हजार कार्मिकों के साथ ही राजपत्रित अधिकारी नोडल के रुप में तैनात किए जा रहे हैं।
शासन के आदेश के बाद जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक स्तर पर मानीटरिंग की जा रही है। इसके साथ ही स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुंदरता की पृष्ठभूमि पर तैयारी की जा रही है। एक ओर जहां 14 जनवरी से शुरू होने वाले स्वच्छता अभियान के तहत 3800 पुराने और 1500 नए स्वच्छता दूत लगाए गए हैं वहीं सांस्कृतिक और पर्यटन विभाग के आठ हजार से अधिक कर्मी भी मैदान में उतारे गए हैं। टेंट सिटी में दस बेड के प्राथमिक अस्पताल और मुख्य मार्गों पर लगातार स्वच्छता अभियान चल रहा है। शहर में खुली नालियां और यूटिलिटी डक्ट की सफाई में कई जा रही है। नगर को प्लास्टिक मुक्त करने के अभियान की कमान नगर निगम ने संभाल रखी है। जगह-जगह डस्टबिन और कपड़े के थैलों का वितरण किया जा रहा है। सिंचाई विभाग द्वारा नया घाट पर 1.37 किमी तक नदी पर बैरियर भी लगाया गया है। पचास से अधिक स्थानों पर पेयजल के लिए वाटर कूलर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा न्याय पंचायत स्तर पर तैयारियां की गईं हैं।
जाने तैयारियों में है क्या है खास
-पचास मुख्य स्थानों पर वाटर कूलर, 250 टूरिस्ट गाइड
-अति विशिष्ट लोगों के लिए सुरक्षित चार रैन बसेरे, अलाव की व्यवस्था
-सब्जियों की खरीद के लिए सब्जी मंडी में आर्डर व खरीद
-14 जनवरी को डिजीटल टूरिस्ट एप की लांचिंग
-रामायण होटल के निकट पर्यटन विभाग द्वारा 2500 लोगों के लिए टेंट सिटी में 15 से पहले साइनेज व्यवस्था
-बस स्टैंड, दोनों रेलवे स्टेशन और पार्किग स्थलों समेत मुख्य स्थानों पर मे आई हेल्प यू केंद्र व कार्मिकों की तैनाती
-दस हजार से अधिक व्यक्तियों के लिए 200 वाहनों की व्यवस्था
-धर्मपथ रामपथ आदि पर विशेष साजसज्जा और डेकोरेशन
-अयोध्या कंट्रोल रूम में नियमित तीस मिनट की अन्तर्विभागीय समीक्षा बैठक
वर्जन -
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर शासन से मिले निर्देशों के क्रम में सभी व्यवस्थाएं संचालित की जा रही है। तैयारी में सभी विभागों के राजपत्रित अधिकारी लगाएं गए हैं। 14 जनवरी से पूर्व सभी तैयारियां पूरी हो जाएगीं।
दीपक कुमार, जिला समन्वयक /नोडल, पंचायती राज विभाग
ये भी पढ़ें -पालघर की पुनरावृति है पुरलिया की घटना : विहिप
