बौधरा बाबा स्थान के बहुरेंगे दिन, खाली पड़ी जमीनों के विकास के लिए बनी रूपरेखा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेंहदावल/ संतकबीरनगर, अमृत विचार। मेंहदावल तहसील स्थित कछार क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे बौधरा बाबा की स्थली के दिन अब बहुरने वाले हैं। यहां की खाली पड़ी जमीनों पर जल्द ही विकास के पंख लगने वाले है। इसके लिए शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने खंड विकास अधिकारी बघौली और मेंहदावल के साथ बैठक कर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार किया।  शासन से फ़ाइल की शीघ्र स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही।
       
शनिवार को जिले के डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी सत्यजीत गुप्ता मेंहदावल शहर के अंतिम छोर पर बसे बौधरा बाबा स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां पड़ी खाली जमीनों पर विभिन्न परियोजनाओं से कार्य कराकर इस पौराणिक स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकास कराने की बात कही। डीएम ने कहा कि बखिरा झील से सीधे बौधरा बाबा स्थल को जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही यहां पार्क, होटल, नौकायन और चिंड़ियाघर बनेगा। बखिरा झील से बौधरा  बाबा स्थल को जोड़ने के लिए कार्य योजना व पर्यटन के दृष्टिकोण से पर्यटकों की सुविधा के लिए हर संभव जरूरी कार्य कराए जाएंगे। इसकी रूप रेखा तय करा ली गई है। विकास योजनाओं के प्रस्ताव की फाइलें शासन में स्वीकृति के लिए भेजी जाएंगी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद जैसे ही बजट अवमुक्त होगा सभी निर्माण कार्य शुरू करा दिये जाएंगे। इस दौरान खंड विकास अधिकारी मेहदावल सुरेश मौर्य व खंड विकास अधिकारी बघौली श्वेता वर्मा समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।

पर्यावरण की रक्षा को डीएम-एसपी ने दिलाई शपथ
इस मौके पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने स्काउट गाइड के बच्चों को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए शपथ भी दिलाई। सभी से अपने आसपास पौधे लगाने और अन्य लोगों को भी ऐसे शुभ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। जीवन और पर्यावरण के लिए पौधे कितने जरूरी हैं इसके बारे में विस्तार से बताया। डीएम ने कहा कि धरती को हरा-भरा बनाने के लिए पूरे मन से प्रयास होना चाहिए। सरकारी कार्यालयों, स्कूलों व ग्राम समाज की रिक्त पड़ी भूमि पर अधिक से अधिक पौधरोपण कराया जाना चाहिए। इस कार्य में स्कूली शिक्षकों के अलावा छात्र-छात्राओं का भी सहयोग लेना जरूरी है। पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण से ही सभी प्राणियों का जीवन है। हम सबको प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण करना चाहिए। अपने आगे की पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रखने हेतु पर्यावरण का संरक्षण करना हम सबका नैतिक दायित्व है।

ये भी पढ़ें -बहराइच : सूचना आयुक्त ने जिला विकास अधिकारी पर लगाया 25 हजार का जुर्माना, जानें क्या है मामला

संबंधित समाचार