बदायूं: दहेज मांग रहा था मंगेतर, परेशान युवती ने फंदा लगाकर दी जान
इस्लामनगर निवासी अमनदीप से तय हुआ था वजीरगंज के गांव मुड़िया सतासी निवासी अर्चना का रिश्ता
DEMO IMAGE
वजीरगंज, अमृत विचार: वजीरगंज निवासी एक युवती की शादी तय हुई। गोद भराई में 20 लाख रुपये नगद, 20 लाख रुपये का चंदौसी में प्लाट, हीरे की अंगूठी आदि दी। इसके बाद भी लड़का पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था। मंगेतर और उसका पूरा परिवार युवती पर लग्जरी कार और रुपयों की मांग करने लगे।
लगातार दबाव बनाने की वजह से युवती अवसाद में आ गई थी। शुक्रवार रात मंगेतर ने युवती को धमकाया। दबाव बनाकर शादी कराने पर युवती को जान से मारने की बात कही। मंगेतर से परेशान होकर शुक्रवार रात युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवती के पिता ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव मुड़िया सतासी निवासी संजीव कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी अर्चना का रिश्ता थाना इस्लामनगर क्षेत्र के गांव भगवंतपुर निवासी अमनदीप पुत्र महीपाल सिंह के साथ तय किया था। 20 अक्टूबर 2023 को गोद भराई की रस्म हुई थी। जिसमें उन्होंने 20 लाख रुपये नगद, चंदौसी के मिलन बिहार में 120 गज का प्लाट, हीरे की एक अंगूठी, 75 हजार रुपये का एक आई फोन दिया था।
11 मार्च 2024 को शादी की तारीख निर्धारित हुई थी। अमनदीप और उसका परिवार गोद भराई में दिए गए दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वह एक लग्जरी कार और रुपयों की मांग करने लगे। आए दिन अर्चना को फोन करके मांग करने लगे।
कहा कि मांग पूरी किए बिना वह शादी नहीं करेंगे और अगर दबाव बनाकर शादी करा दी तो युवती को छोड़ देंगे या जान से मार देंगे। जिसके चलते अर्चना अवसाद में आ गई। उसने घर पर खाना-पीना बंद कर दिया था। शुक्रवार की रात अर्चना के पास अमनदीप का फोन आया।
दहेज की मांग की और दबाव बनाया। पहले से ही अवसाद में चल रही अर्चना ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह परिजनों ने शव देखा तो कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती के पिता ने अमनदीप समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर प्राप्त हुई है। जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बदायूं: खेतों में गिरा आसमानी यंत्र, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
