हल्द्वानी: पत्नी संग घूमने निकला पति लापता, अस्पताल में हुई मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। पत्नी संग बेटी के घर के लिए निकला पति अचानक लापता हो गया। कुछ दिन बाद वो घायल अवस्था में एसटीएच में भर्ती कराया गया और यहां उसकी मौत हो गई। जिसके बाद उसकी पहचान हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
वैशाली कालोनी काशीपुर निवासी अनिल आर्या (47 वर्ष) पिछले वर्ष 30 दिसंबर को पत्नी के साथ बड़ी बेटी से मिलने के लिए घर से निकले थे। दोनों हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन से बस में बैठा, लेकिन बस चलने में कुछ वक्त था। इस पर अनिल बस से नीचे उतर गए और कुछ देर बाद बस रवाना हो गई।
इधर, बस छूट जाने के बावजूद देर रात तक अनिल घर नहीं पहुंचे। जिसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। काशीपुर से परिजन हल्द्वानी पहुंचे और कोतवाली में गुमशुदगी लिखाई। इधर, 30 दिसंबर की ही शाम भुजियाघाट में एक व्यक्ति सड़क हादसे में घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए पहले बेस और फिर एसटीएच में भर्ती कराया गया। जानकारी पर लापता अनिल की तलाश करती पुलिस एसटीएच पहुंची और शिनाख्त की। 7 जनवरी को पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शनिवार को अनिल की मौत हो गई। पुलिस जांच कर रही है कि हादसा कैसे हुआ।
