पीलीभीत: एंबुलेंस फंसी तो नगर पालिका को आई छोड़े गए गड्ढों की याद, शुरू कराया सुधार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पॉश अशोक कॉलोनी में दोपहर में पहुंची टीमें, करती रही काम

पीलीभीत, अमृत विचार: पेयजल पाइप लाइन के लीकेज को दुरुस्त कराने के लिए खोदे गए गड्ढे की मरम्मत न होने के कारण एक दिन पूर्व में एक एंबुलेंस उसमें धंस गई। जिसे मशक्कत के बाद निकाला जा सका था।  इसके बाद हुई फजीहत पर नगरपालिका के जिम्मेदारों ने संज्ञान लिया। सोमवार को इन गड्ढों की मरम्मत शुरू करा दी गई है। हालांकि दूसरे दिन भी कई वाहन फंसते रहे। अभी तक लीकेज की समस्या ठीक नहीं हो सकी है।

WhatsApp Image 2024-01-15 at 7.39.57 PM (1)
फोटो- सोमवार सुबह पालिका द्वारा गड्डे पर डाली गई मिट्टी में फंसा वाहन।

शहर की पॉश अशोक कॉलोनी पानी की लाइन में लीकेज होने की वजह से सप्लाई बाधित हो गई थी। 15 दिन पहले अशोक कॉलोनी में दो गड्ढे खोदे गए थे। ताकि लीकेज को दुरुस्त किया जा सके। मगर नगरपालिका की टीम को लीकेज नहीं मिल सका।

लीकेज के चलते शनिवार को पुन: एक अन्य स्थान पर जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदा गया। रविवार को देर शाम उधर से निकली एक प्राइवेट एंबुलेंस उसमें  फंस गई। एंबुलेंस को निकलवाने के लिए चालक और अन्य लोगों को काफी जदोजहद करना पड़ी थी।

दो घंटे के बाद एंबुलेंस निकल सकी। नगरपालिका की ओर से खोदे गए गड्ढों को लेकर कॉलोनीवासियों में रोष है।उनका कहना है कि न तो पानी मिल रहा है, और न ही अब निकलने के लिए सड़क छोड़ी है। हर तरफ कीचड़ फैली हुई है। इस समस्या को अमृत विचार खबर ने प्रमखुता के साथ प्रकाशित किया।

जिस पर नगरपालिका चेयरमैन डॉ. आस्था अग्रवाल ने संज्ञान लेते हुए तत्काल गड्ढों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। हालाकि सोमवार को भी गड्ढे में ई-रिक्शा फंस गया था। जिससे बमुश्किल निकाला गया था। जिसके बाद अशोक कॉलोनी के अंदर खोदे गए तीनों को गड्ढों को मिट्टी से पाट दिया गया। इनका उतना ही हिस्सा खुला छोड़ा गया, जिससे सुधार कार्य कराया जा सके।

जलकल प्रभारी तारिक हसन खां ने बताया कि कॉलोनी में खोदे गए गड्ढों की मरम्मत करा दी गई है। लीकेज की समस्या को भी दुरुस्त कराया जा रहा है। फिलहाल कुछ जगह पर अभी लीकेज का काम चल रहा है।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: जल जीवन मिशन की सात पेयजल परियोजनाओं पर लगा ग्रहण

संबंधित समाचार