रुद्रपुर-काठगोदाम फोरलेन का निर्माण 40 किमी. तक पूर्ण

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। आखिरकार रुद्रपुर से काठगोदाम तक 49 किमी. तक फोरलेन के अप्रैल माह के अंत तक पूर्ण होने की उम्मीद है। इसको लेकर एनएचएआई ने निर्माण कार्य में तेजी लानी शुरू कर दी। कार्यदायी संस्था को तय समय पर फोरलेन को पूर्ण करने की हिदायत भी दी गयी है।

यहां बता दें कि गुजरात की कंस्ट्रक्शन कंपनी ने अक्तूबर 2017 में रुद्रपुर से काठगोदाम तक 6 करोड़ 50 लाख की लागत से 49 किमी. तक फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू किया था। शुरुआती चरण में कंपनी ने 24 किमी. का काम पूर्ण किया था। बाद में बजट के अभाव में काम बीच में ही बंद कर दिया गया। एनएचएआई के दबाव में फिर कंपनी ने निर्माण कार्य शुरू किया। कुछ समय कार्य करने के बाद 35 किमी. तक का निर्माण कार्य पूरा करने के बाद फिर काम बीच में रोक दिया।

कंस्ट्रक्शन कंपनी के काम नहीं करने पर एनएचएआई  मुख्यालय ने दूसरी कंस्ट्रक्शन कंपनी को काम सौंप दिया। अब नई कंस्ट्रक्शन कंपनी ने फोरलेन का निर्माण कार्य तेजी से करना शुरू कर दिया है। अब तक 40 किमी. तक फोरलेन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष बचे हुए कार्य के अप्रैल माह तक पूर्ण होने की उम्मीद है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार फोरलेन का निर्माण पूरा होने के बाद इसमें वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से शुरू हो जाएगी।

नई कंस्ट्रक्शन कंपनी ने फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। रुद्रपुर से काठगोदाम तक 40 किमी. तक फोरलेन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष 9 किमी. का निर्माण कार्य अप्रैल माह के अंत तक पूरा हो जाएगा। कंस्ट्रक्शन कंपनी को तय समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी गयी है।

-मीनू, मैनेजर, एनएचएआई

संबंधित समाचार