रुद्रपुर: निवर्तमान मेयर ने किया पेयजल लाइनों का निरीक्षण
रुद्रपुर, अमृत विचार। निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह ने आवास विकास में नगर निगम की ओर से कराये जा रहे पेयजल लाइन के नवीनीकरण कार्यों का भाजपा नेताओं के साथ स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान निवर्तमान मेयर ने कहा कि उनके कार्यकाल में हुए कई विकास कार्यों का लाभ आने वाली कई पीढ़ियों को भी मिलेगा।
बुधवार को निरीक्षण के दौरान निवर्तमान मेयर ने बताया कि आवास विकास में पेयजल लाइनें जर्जर हो चुकी हैं, जिस कारण घरों में गंदा पानी आ रहा है। कई जगह लाइनें क्षतिग्रस्त होने से सप्लाई भी बाधित हो चुकी है। आवास विकास की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम बोर्ड की बैठक में पुरानी पेयजल लाइनें बदलकर नई लाइनें लगाने और नया बोर कराने का प्रस्ताव पारित किया गया था। तीन करोड़ की इस योजना के लिए नगर निगम की ओर से स्वीकृत धनराशि भी जल संस्थान को जारी कर दी गयी है।
उन्होंने कहा कि जल संस्थान ने स्वीकृत बजट से करीब दस माह के भीतर इस योजना का काम पूरा कर लिया जायेगा। जिसके बाद आवास विकास के लोगों को पुरानी पेयजल लाइनों से मुक्ति मिलेगी और पेयजल व्यवस्था भी सुचारू होगी। उन्होंने कहा कि मेयर रहते हुए निस्वार्थ भाव से सेवा की है। शहर में जो भी विकास कार्य कराये गये हैं वह जनभावनाओं के अनुरूप कराये गये हैं। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, राकेश सिंह, राजेश जग्गा, नितेश गुप्ता प्रभु, दयाल गांधी, देवी दयाल गुप्ता, चेतन शर्मा, लक्ष्मी चंद्र शर्मा, कपिल अरोड़ा, जयंत सिंह आदि शामिल थे।
