हल्द्वानी: खेल-खेल में पानी की खौलती बाल्टी में गिरा बच्चा जलकर मरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। खेल-खेल में तीन साल का बच्चा पानी की खौलती बाल्टी में गिरकर बुरी तरह झुलस गया। उसे फौरन ही बेस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

मूलरूप से पाटी चम्पावत निवासी लाल सिंह पाटनी दिल्ली स्थित एक बेकरी में काम करता है। जबकि पत्नी नीतू अपने बच्चों बबली (11वर्ष), लक्की (10वर्ष) और तनुज (3वर्ष) के साथ लाखनमंडी चोरगलिया में किराए के मकान में रहती है। लाल सिंह ने बताया कि बीते मंगलवार को पत्नी नीतू ने बर्तन धुलना था।

पानी बेहद ठंडा होने की वजह से उसने बर्तन धुलने के लिए बाल्टी में इमर्शन रॉड लगाई थी। जिसके बाद वह दूसरे कामों में व्यस्त हो गई। इसी बीच खेलते-खेलते तनुज बाल्टी के पास पहुंच गया और उसी में गिर गया। खौलते पानी में गिरते ही वह तेज आवाज में रोने लगा। आवाज सुनकर दौड़ी नीतू ने बच्चे को देखा तो उसके होश फाख्ता हो गए।

आनन-फानन में उसने बच्चे को बाल्टी से निकाला और ऊपरी तल में रहने वाले भाई को सूचना दी। परिजन निजी वाहन से तनुज को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे। लगभग पूरी तरह जल चुके तनुज की हालत खराब थी। बेस से उसे एसटीएच रेफर कर दिया गया, लेकिन एसटीएच पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। लाल सिंह ने बताया कि घटना के वक्त वह दिल्ली में थे और परिजनों की सूचना पर बुधवार सुबह हल्द्वानी पहुंचा। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर बच्चे के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

संबंधित समाचार