Kanpur News: 250 कैमरे चेक किए, नहीं मिल रहा कोई सुराग; ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान रुपये खोने के बाद घर से भागा था छात्र...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में लापता छात्र का सुराग अबतक नहीं मिल पाया है।

कानपुर में ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान दूसरे के खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर हो जाने पर पिता की डांट से बचने के लिए घर छोड़कर गए इंटर के छात्र नितिन कुमार का पता नहीं चला है।

कानपुर, अमृत विचार। अर्मापुर थानाक्षेत्र में ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान दूसरे के खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर हो जाने पर पिता की डांट से बचने के लिए घर छोड़कर गए इंटर के छात्र नितिन कुमार का पता नहीं चला है। सुसाइड नोट लिखकर वह दो दिन पहले लापता हो गया था। एडीसीपी पश्चिम आकाश पटेल के निर्देश पर पुलिस ने अब तक भौंती से विजय नगर, अर्मापुर, पनकी के 250 कैमरों के फुटेज देखे, 40 किलोमीटर का इलाका छाना पर कुछ पता नहीं चला। 

बुधवार को भी पनकी नहर में काफी तलाश की। पीएसी की स्पेशल फ्लड टीम को बुलाया गया है। पुलिस दस से ज्यादा जिलों से संपर्क कर रही है। पुलिस ने बताया कि विजय नगर के पास जिस कैमरे में वह एक युवती के साथ जाते दिखा उसका फोटो साफ नहीं है। कानपुर देहात, फतेहगढ़, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, हमीरपुर, इटावा, आगरा और आसपास के जिलों में नितिन की तस्वीर भेजकर जानकारी मांगी गई है। 

पनकी और आसपास के रेलवे स्टेशनों को सर्च करने के बाद यूपी जीआरपी को सूचना देकर नितिन की जानकारी करने के लिए कहा गया है। शहर के होटलों में भी पुलिस ने जानकारी की है लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। पुलिस को नितिन के पिता नितेश कुमार का स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का डिटेल मिल गया है। जिससे रुपये निकलने की पुष्टि नहीं हुई है। 

अब पुलिस नितेश के कोटक महिंद्रा वाले अकाउंट की डिटेल निकालने की कोशिश कर रही है। अब तक की जांच में ये पता चला है कि नितिन किसी युवती से टेलीग्राफ पर चैटिंग करता था। उसकी आईपी एड्रेस मिल गया है। जिस अनन्या पांडेय का नाम सामने आ रहा है वह जांच में फेक पाया गया।

ये है मामला

छपरा बिहार के रहने वाले आर्डिनेंस कर्मी नितेश कुमार अपनी पत्नी, तीन बेटियां प्रिया, प्रीती और अक्षरा और इकलौता बेटे 17 वर्षीय नितिन कुमार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया था कि 15 जनवरी सोमवार को अचानक नितिन घर से गायब हो गया। मंगलवार सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस ने जब छात्र का कमरा और बैग चेक किया तो एक सुसाइड नोट मिला। नोट में पिता के लिए कोई बहुत बड़ी गलती की बात लिखी है। लिखा है कि वह अपनी हरकतों से बहुत शर्मिंदा है, नहर में कूदकर जान देने जा रहा है। एडीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि लगातार टीमें छात्र को खोजने में लगी हैं।

यह भी पढ़ें- Farrukhabad News: सुमित हत्याकांड में कोर्ट ने सुनाया फैसला, प्रेमिका सहित पांच को मिला आजीवन कारावास...

 

संबंधित समाचार