किच्छा: विदेश भेजने के नाम पर ग्रामीण के साथ ठगी
किच्छा, अमृत विचार। क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर ग्रामीण के साथ ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने ठगी करने वाले दोनों आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। न्यायालय के निर्देश पर पुलभट्टा थाना पुलिस को दर्ज कराई रिपोर्ट में ग्राम शहदौरा, थाना पुलभट्टा निवासी सद्दाम पुत्र असगर अली ने बताया कि किच्छा के बोरिंग गली निवासी रिजवानुद्दीन ने कुवैत का वीजा दिलवाने का भरोसा दिलाते हुए पीड़ित से पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज ले लिए।
पीड़ित के अनुसार रिजवानुद्दीन ने बताया कि दस्तावेजों को अपने सीनियर साथी ग्राम उमर कॉलोनी, थाना गंज, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश निवासी शाहजमान खां को दिखाने के बाद विदेश भेजने का वीजा तैयार होगा। दर्ज रिपोर्ट में पीड़ित ने बताया कि दो दिन बाद रिजवानुद्दीन और उसका साथी शाहजमान खां ने एक माह के भीतर वीजा दिलाने का भरोसा दिलाया और एक लाख रुपए का खर्च बताया। जल्द वीजा मिलने के लालच में पीड़ित ने अपनी पत्नी गुलनाज बेगम के खाते से 3 अगस्त 2023 को शाहजमान खां के खाते में 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पीड़ित के अनुसार समय-समय पर दोनों आरोपियों की मांग पर पीड़ित ने 51 हजार 200 रुपये की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। कुछ दिन बीतने के बाद आरोपियों ने जल्द वीजा मिलने का भरोसा दिलाते हुए मेडिकल के नाम पर 20 हजार रुपये और ले लिए। पीड़ित ने बताया कि समय बीतने के बाद भी वीजा न मिलने पर जब पीड़ित ने फोन किया तो दोनों आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।
इसके बाद परेशान होकर पीड़ित जब आरोपियों के घर पहुंचा तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए विदेश भेजने तथा पैसा वापस देने से साफ इनकार कर दिया। पीड़ित के अनुसार जब पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाना पुलिस को डाक के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ने न्यायालय के निर्देश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करते हुए जांच शुरू कर दी है।
