जसपुर: आखिर कौन थे अजनबी औरत-आदमी जिनके जाते ही सुनीता बेहोश हो गई और...
जसपुर, अमृत विचार। जहर खुरानी गिरोह की शिकार हुई महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जिससे मृतका के परिवार व गांव में कोहराम मच गया ।
जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर जसपुर कोतवाली अंतर्गत गांव मुरलीवाला निवासी नौबहार सिंह के घर में एक अजनबी व्यक्ति व महिला उस समय घुस आये, जब वे खेत पर काम करने गये थे। उनके बच्चे भी घर पर नहीं थे । नौबहार सिंह की पत्नी 45 वर्षीय सुनीता घर पर अकेली थी।
परिजनों के घर लौटने पर महिला बेहोश पाई गई और उसके कानों के कुंडल व गले की चेन गायब पाई गई । यह घटना पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई।
देखते ही देखते घर पर भारी भीड़ जमा हो गई। महिला को तत्काल उपचार हेतु पास गांव भायपुर के एक प्राइवेट डॉक्टर के पास ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर महिला को उपचार हेतु काशीपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर महिला को चिंताजनक हालत में मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।
जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से मृतका के परिवार व गांव में बुरी तरह कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई। एसएसआई अनिल जोशी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच के बाद ही घटना के सम्बंध सही जानकारी मिल पायेगी। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी घटना के सम्बंध में तहरीर नहीं दी जा सकी है।
जसपुर। घर में घुसे अजनबी व्यक्ति द्वारा महिला को जहरीला पदार्थ सुंघा कर लूट की घटना को अंजाम दिये जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। गांव मुरलीवाला में घटी इस इस प्रकार की यह पहली घटना है। गांव वासियों ने बताया कि इससे पहले गांव में कभी इस प्रकार की घटना नहीं घटी।
