Auraiya Weather News: मौसम ने दिखाए तेवर, बर्फीली हवाओं से कांपे लोग, कोहरे में लाइट जलाकर सड़कों पर चले वाहन

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

औरैया में मौसम ने दिखाए तेवर।

औरैया में मौसम ने तेवर दिखाए। वहीं, बर्फीली हवाओं से लोग कांपे। कोहरे में लाइट जलाकर सड़कों पर वाहन चले।

औरैया, अमृत विचार। भीषण ठंड का सितम अब चरम पर पहुंच गया है।जनवरी महीने में बढ़ी सर्दी ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। शुक्रवार की सुबह से कोहरे का प्रकोप जारी रहा और आसमान में दिनभर बादल छाए रहे और साथ ही हल्की पछुआ हवा चलने से गलन भरी ठंड बनी रही।

नगर में जगह-जगह अलाव आदि जलाकर या फिर चाय की दुकान पर भट्ठियों के पास लोग शरीर को गर्म करते रहे। कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। सुबह-शाम तो ठंड में काफी इजाफा हो रहा है तो ठंड से लोगों की दिनचर्या बेपटरी हो गई है। कड़ाके की ठंड के बीच दिन के न्यूनतम व अधिकतम तापमान के लुढ़कने का सिलसिला जारी है।

ठंड से बचने के लिए कामकाजी लोग भी पूरी तरह ऊनी कपड़ों से लैस होकर ही घरों से निकल रहे हैं। घरों व दफ्तरों में रूम हीटर और ब्लोअर ठंड से बचने का सहारा बना हुआ है। शाम के वक्त भीड़ से गुलजार रहने वाले बाजारों में चहल-पहल काफी कम हो जा रही है। कुछ दुकानदार ठंड से बचने के लिए के दुकान के सामने ही रोज अलाव जलवा रहे हैं।

शहर से लेकर गांव तक अधिकतर चौराहे व तिराहों पर खुद के संसाधन से भी लोग अलाव का प्रबंध कर रहे हैं। पांचवे दिन तक कोहरे की चादर से शहर चारों ओर से ढका रहा। वाहनों की लाइटें कोहरे में टिमटिमाती हुई दिखाई दे रही हैं। धूप न निकलने से गलन और बढ़ गई है। बढ़ी सर्दी में लोग कंपकंपा रहे हैं। सूर्य देव के लोगों को दर्शन नहीं हुए।

पूरे दिन लोग धूप को तरसते रहे। शाम होते ही फिर से सर्दी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया। सर्दी से बचने के लिए लोग दिनभर अलाव से चिपके रहे। अधिकांश स्थानों पर अलाव जल रहे थे। जबकि कुछ स्थानों पर लकड़ी खत्म हो जाने के चलते अलाव ठंडे पड़ गए थे। मौसम वैज्ञानिक डॉ अनंत कुमार ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 16 व न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस रहा।

Weather AUraiya 1

रूम हीटर की बढ़ी डिमांड

कड़कड़ाती सर्दी में हर कोई अपने को गर्म रखने का प्रयास कर रहा है।घरों में कमरों को गरम रखने के लिए इन दिनों बाजार में रूम हीटर की सबसे अधिक डिमांड है। घरों के अलावा दफ्तर, कोचिंग सेंटर सभी जगह रूम हीटर चल रहे हैं। लोकल आइटम के अलावा ब्रांडेड कंपनियों के रूम हीटर बाजार में उपलब्ध हैं। साधारण रूम हीटर 500 से 1500 रुपए तक बिक रहा है। जबकि ब्रांडेड कंपनियों के रूम हीटर 5000 रुपए तक बिक रहे हैं।

सर्दी में में पशु पक्षी बेहाल 

औरैया में सर्दी अधिक होने के चलते आमजन के अलावा पशु पक्षी सभी बेहाल हैं। घरों की छतों व दीवारों पर बंदर  ठिठुरते नजर आ रहे हैं।इसके अलावा सड़क किनारे कुत्तों का झुंड बैठा रहता है। कई जानवर अलाव के आसपास शरीर को गर्म रखने का प्रयास करते नजर आते हैं। पशुपालक भी अपने पशुओं को सर्दी से बचाने का पर्याप्त इंतजाम कर रहे हैं। खाने पीने के अलावा उनको आग से तपाने की व्यवस्था की है।

बर्फीली हुई सर्दी

हवाओं में नहीं दूर हुई औरैया विगत दो दिनों से जिले में बर्फीली हवाएं लोगों को झकझोर रही हैं। घरों में तो लोग रजाइयों में दुबक जाते हैं। सड़कों पर निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़े पूरी तरह राहत नहीं दे पा रहे हैं। अधिक देर तक बाहर रहने वाले लोगों के कपड़े गीले हो रहे हैं। जिसके चलते सदीं से बचाव नहीं हो पा रहा है। शरीर को गर्म रखने के लिए उन्हें थोड़ी-थोड़ी देर में आग का सहारा लेना पड़ता है। 

गोशालाओं में नहीं पर्याप्त व्यवस्थाएं

जिलाधिकारी नेहा प्रकाश के निर्देश पर जिले भर की गौशालाओं में गोवंश को सर्दी से बचाव के इंतजाम किए गए हैं। लेकिन अधिकांश गौशालाओं में इंतजाम नाकाफी हैं। ग्रामीण क्षेत्र की स्थिति अधिक खराब है। गोवंश की संख्या के अनुसार व्यवस्थाएं काम है। एक जगह अलाव है। इसके आसपास 8 से 10 गोवंश खड़े दिखाई दिए। जबकि अधिकांश गोवंश सर्दी में रहते हैं।

पहाड़ो पर बर्फबारी से गलन बढ़ी

मौसम वैज्ञानिक डॉ अनंत कुमार ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी से गलन बढ़ी हुई है।फिलहाल अभी एक सप्ताह बर्फीली हवाओं और ठंड से निजात मिल पाना मुश्किल है। पिछले सप्ताह जिले में करीब 3 एमएम बारिश हुई है। बारिश से फिलहाल फसलों को नुकसान नहीं हुआ है। अधिक बारिश होगी तो आलू और मटर की फसल को नुकसान होगा।

ये भी पढ़ें- UP के Unnao में 'मित्र पुलिस' की सराहना… अनजान घायल को कंधे पर लादकर एंबुलेंस तक दौड़ी खाकी, देखें- VIDEO

संबंधित समाचार