किच्छा: युवक ने अपनी ससुराल में किया हंगामा, तमंचे से किए फायर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा/पुलभट्टा , अमृत विचार। थाना अंतर्गत क्षेत्र में युवक द्वारा सरेआम फायरिंग करने की सूचना से थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। पति की प्रताड़ना से तंग आकर मां के साथ ससुराल से मायके पहुंची महिला का पति तमंचा लेकर अपने ससुराल पहुंच गया। इस दौरान उसने दबंगई दिखाते हुए पत्नी को धमकी देकर तमंचे से हवाई फायर कर दिया। 

अचानक फायरिंग की घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग के आरोपी पति को अवैध तमंचे एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बारादरी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश निवासी इमरान अहमद का निकाह थाना अंतर्गत सिरौली कला निवासी मोहम्मद जलीस की पुत्री अलकुमा के साथ 3 वर्ष पूर्व हुआ था।

बताया जा रहा है कि इमरान अक्सर अपनी पत्नी अलकुमा को प्रताड़ित करता था और गोली मारने की धमकी देता था। आए दिन के क्लेश से परेशान अलकुमा मायके आ गई और विगत  रात्रि अलकुमा अपनी माता रईस बानो बेगम के साथ वार्ड नंबर 20, सिरौली कला निवासी इकराम के घर पर मौजूद थी। आरोप है कि इसी दौरान पति इमरान मौके पर पहुंच गया और अभद्रता करते हुए अपनी पत्नी अलकुमा को गोली मारने की धमकी देने लगा।

शोर होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इमरान को शांत करने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान इमरान ने अपनी पेंट की जेब में रखे तमंचे को निकाल कर हवा में फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई।

 फायरिंग के आरोपी इमरान के ससुर मोहम्मद जलीस की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का एक तमंचा, एक खोखा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद कर कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट के साथ उप निरीक्षक पंकज कुमार एवं पुलिसकर्मी दीपक बिष्ट शामिल रहे।

संबंधित समाचार