बहराइच: मंदिर के साथ मस्जिद की सुरक्षा करें जवान, भारत और नेपाल के अधिकारियों की हुई बैठक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नेपाल और जिले के अधिकारियों के साथ हुई बैठक, किया फ्लैग मार्च 

रूपईडीहा/बहराइच, अमृत विचार। कस्बे में स्थित एसएसबी 42वीं वाहिनी कार्यालय में शनिवार को भारत और नेपाल के अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें सोशल मीडिया पर नजर रखने के साथ मंदिर के साथ मस्जिद की सुरक्षा पर बल दिया गया। एसएसबी 42वीं वाहिनी सभागार में नेपाल के साथ जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित हुई। 

कार्यवाहक कमांडेंट राज रंजन के नेतृत्व में सशस्त्र सीमा बल 42वीं वाहिनी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मोनिका रानी ने की। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री भारत सरकार एवं मुख्यमंत्री व अन्य महानुभावों के आगमन का प्रस्तावित कार्यक्रम तथा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को लेकर सीमा क्षेत्र में चौकसी व सतर्कता बरतने की बात कही। 

सभी सहयोगी संस्थाओ एवं नेपाल के सशस्त्र बलो को समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली घटना को कारित होने से रोकने हेतु असमाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि मन्दिर और मस्जिदो की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और एसएसबी जवान सक्रियता दिखाएं। सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश एसपी वृंदा शुक्ला ने दिया। कहा कि 22 जनवरी को निकलने वाली शोभायात्रा के मार्ग की सुरक्षा व निगरानी करें। जंगल के पैदल रास्तो पर विशेष चौकसी बरतने के निर्देश देते हुए स-समय आसूचना साझा करना इत्यादि बिन्दुओं पर चर्चा की।

बैठक के दौरान जनपद बहराइच से अजीत प्रताप सिंह प्रभागीय वनाधिकारी तथा मित्र राष्ट्र नेपाल से श्रवण कुमार पोखरेल सीडीओ बांके, सुभाष चन्द्र बोरा, पुलिस अधीक्षक बांके, बिकास श्रेष्ठा डिप्टी एसपी, APF 30वीं वाहिनी बांके, वेद प्रसाद खरेल, सीडीओ बर्दिया, सुधीर राज साही, पुलिस अधीक्षक बर्दिया नेपाल ने भाग लिया।

साथ ही सशस्त्र सीमा बल के अतुल कार्की, कमांडेंट, 70वीं वाहिनी, कैलाश चंद रमोला, कमांडेंट, 59वीं वाहिनी, पार्थ सारथी रॉय, उप कमांडेंट, 42वींवाहिनी, दिलीप कुमार, उप कमांडेंट, 42वीं वाहिनी तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:-रामलला प्राण प्रतिष्ठा: अयोध्या पहुंचीं कंगना रनौत, कहा- हमारा सौभाग्य है कि हमें ईश्वर ने सद्बुद्धि दी

संबंधित समाचार