हल्द्वानी: ठंड का सितम, हल्द्वानी में 2.9 डिग्री तक गिरा तापमान
हल्द्वानी, अमृत विचार। जनवरी में ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। ठंड का कहर जारी है और रविवार को न्यूनतम तापमान इस सीजन का सबसे कम तापमान था। दिन में हल्द्वानी के कुछ हिस्सों में धूप निकली बाकी में कोहरा छाया रहा।
रविवार की रात को शीतलहर की वजह से कड़ाके की ठंड पड़ रही थी।
हालांकि रानीबाग, दमुवाढूंगा, पॉलीशीट आदि कुछ इलाकों में सुबह के समय धूप निकली लेकिन शीतलहर चलती रही। जिस वजह से धूप का भी असर कुछ ज्यादा नहीं रहा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार हल्द्वानी में रात को न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री दर्ज किया जो इस सीजन का सबसे कम तापमान था।
हालांकि दिन के समय अधिकतम तापमान करीब 12 डिग्री दर्ज किया गया। मैदान ही नहीं पहाड़ में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा। ठंड से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी और अगले एक सप्ताह बारिश होने का भी कोई अनुमान नहीं है।
