मुरादाबाद: शादी के 18 दिन पहले ही ट्रेन मैनेजर ने लगाया मौत को गले
हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के भटियाना गांव के रहने वाले थे विक्रांत
मुरादाबाद, अमृत विचार। हापुड़ में तैनात ट्रेन मैनेजर विक्रांत तोमर (27) ने मझोला की शिव विहार कालोनी में फंदे से लटक कर जान दे दी। वह यहां साथियों के साथ किराए पर रहते थे। वह माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनकी सात फरवरी को शादी होनी थी। मृतक विक्रांत हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के भटियाना गांव के थे। पिता गिरधर तोमर किसानी करते हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक विक्रांत के साथ ट्रेन मैनेजर आशु, अंकित, उत्कर्ष और अनिल कुमार भी रहते थे। आशु ने बताया कि विक्रांत का महीने भर पहले हापुड़ तबादला हो गया था। शनिवार दोपहर को वह कमरे पर आए थे। मेरी रात को ड्यूटी थी, अन्य साथियों में से भी कोई कमरे पर नहीं था। आशु के मुताबिक, वह रविवार सुबह छह बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद कमरे पर पहुंचे।
जिस कमरे में शौचालय था, वह अंदर से बंद था। फ्रेश होने के लिए दरवाजा खटखटाने पर भी नहीं खुला। कई बार आवाज दी तो जवाब नहीं मिला। इसके बाद सीढ़ी की तरफ से खिड़की में से देखा तो विक्रांत का शव रस्सी के सहारे पंखे से लटका हुआ था। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। वहीं आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। विक्रांत की बहन रीतू पुलिस विभाग में है और उसकी तैनाती लखनऊ में है।
प्रभारी निरीक्षक मझोला संजय कुमार पांचाल ने बताया कि सात फरवरी को विक्रांत की शादी होनी थी। परिवार वालों से संपर्क किया गया है। वह भी घटना के बारे में कुछ बता नहीं पा रहे हैं।
ये भी पढ़ें:- अयोध्या में विराजे राम, पीतलनगरी में मनी दिवाली...हर ओर मेरे घर राम आए हैं का जयघोष
