Ayodhya Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा उत्सव पर दुल्हन की तरह सजा शहर; मंदिरों पर की गई भव्य सजावट, आस्था में डूबा रहा नगर....

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में प्राण प्रतिष्ठा उत्सव पर मंदिरों में भव्य सजावट की गई।

कन्नौज में श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया और कोना-कोना राममय हो गया।

कन्नौज, अमृत विचार। श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया और कोना-कोना राममय हो गया। शहर के सभी मार्गों पर तोरण द्वार बनाए गए और वंदनवार लगाए गए। मंदिरों पर भी भव्य सजावट की गई और दिन भर यज्ञ, अनुष्ठान व भजन आदि के कार्यक्रम चलते रहे। 

कन्नौज 2 (2)

सोमवार को समूचा शहर भगवामय हो गया। सभी गलियों, तिराहों व चौराहों पर वंदनवार लगाए गए। केसरिया गुब्बारों से द्वार बनाकर गलियों को पाट दिया गया। ऐसा लग रहा था कि राम अयोध्या में नहीं बल्कि यहीं आ रहे हों। हर व्यक्ति भगवान की भक्ति में लीन था। शहर के सभी मंदिरों में पूजा-पाठ के अलावा यज्ञ अनुष्ठान किए गए। पूरा नगर आस्था के रंग में रंगा रहा और लाउडस्पीकरों में भगवान के भजन गूंज रहे थे। कई जगह युवा डीजे पर राम की धुनों में थिरक रहे थे। ऑटो, ई-रिक्शा, कार व बाइकों में लोग भगवान राम के झंडे लगाकर घूमते नजर आए। 

रामलला का ‘प्रसाद’ लेने को उमड़ी भीड़

श्री अयोध्याधाम में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर शहर व देहात क्षेत्र में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। भगवान रामलला का ‘प्रसाद’ लेने को भीड़ उमड़ी। लोगों ने प्रसाद छककर रामलला की महिमा का गुणगान किया। 

कन्नौज 3 (2)

सोमवार को शहर व देहात क्षेत्रों में मंदिरों पर सुबह से ही पूजा-पाठ का क्रम शुरू हो गया। रामभक्तों ने जगह-जगह स्टाल लगाकर प्रसाद वितरित किया तो कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। हर जगह स्टाल पर भोग प्रसाद पाने के लिए लोगों की भीड़ दिखाई दी। रामभक्तों ने कढ़ी-चावल, पूड़ी-सब्जी, हलवा, खीर, कचौड़ी, लड्डू व बूंदी का प्रसाद वितरित किया।

प्राण-प्रतिष्ठा के इस दिव्य महोत्सव में आस्था अपने पूरे सवाब पर दिखाई दी। भक्तों ने रामनाम की महिमा गाते हुए भगवान का प्रसाद छका और जय श्रीराम के जयकारे लगाए। सड़कों के किनारे वाहन सवारों को रोककर प्रसाद वितरित किया गया।

यह भी पढ़ें- Ayodhya Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर रामोत्सव में सराबोर रहे रामभक्त; गाजे-बाजे संग जगह-जगह निकाली गई शोभायात्रा, जमकर थिरके युवा...

संबंधित समाचार