सिद्धारमैया का आरोप, भाजपा के उपद्रवी तत्व राहुल गांधी की यात्रा को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपद्रवी तत्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में सोमवार को उस समय नाटकीय स्थिति उत्पन्न हो गई जब उन्हें असम के नगांव जिले में वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान पर जाने की अनुमति नहीं दी गई। 

कांग्रेस ने इसके खिलाफ मंगलवार को यहां ‘फ्रीडम पार्क’ में विरोध प्रदर्शन किया और असम की हिमंत विश्व शर्मा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राहुल गांधी के मार्च को बाधित करना एक व्यक्ति की स्वतंत्रता छीनना है। राहुल गांधी देश, जनता और समाज की समस्याओं को समझने के लिए यात्रा कर रहे हैं। भाजपा के कुछ उपद्रवी तत्व मार्च में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।’’ 

राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘निर्देश’ पर उन्हें ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के तहत मेघालय में एक निजी विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ बातचीत करने की अनुमति नहीं दी गई। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई और करीब 100 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए और 6000 किलोमीटर की दूरी तय कर यह 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। 

ये भी पढ़ें- देश में कोविड के 236 नए मामले आए सामने, तीन मरीजों की मौत

 

संबंधित समाचार