रुद्रपुर: घर के सामने पड़ा मिला जयनगर के मजदूर का शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। बुधवार की सुबह जयनगर स्थित एक मजदूर का घर के सामने मृत अवस्था में शव पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशंका है कि युवक की छत से गिरकर मौत हो गई होगी।

जानकारी के अनुसार जयनगर वार्ड-नौ निवासी 45 वर्षीय जय प्रकाश सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम को वह ड्यूटी से वापस घर पहुंचा और खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार की सुबह जब परिवार के लोग उठे तो युवक अपने कमरे में नहीं था। जब मुख्य गेट का दरवाजा खोला तो युवक दरवाजे के बाहर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था।

सूचना मिलने थानाध्यक्ष दिनेशपुर अनिल जोशी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, थानाध्यक्ष अनिल जोशी ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में आशंका है कि सिडकुल कर्मी रात को उतरते वक्त घर की छत से नीचे गिर गया होगा और सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट आने की बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार