जनता को सुरक्षा देने में विफल भाजपा सरकार, बोले अखिलेश यादव- यूपी में है जंगलराज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि भाजपा सरकार जनता को सुरक्षा नहीं दे पा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। कानून व्यवस्था पर भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। महिलाओं, बच्चियों के साथ अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है।

सरकारों की जिम्मेदारी है कि वह संविधान के अनुसार कानून व्यवस्था का पालन करें, लोगों को सुरक्षा दें तथा लोककल्याणकारी राज्य की अवधारणा को कार्यान्वित करे मगर भाजपा सरकार अहंकार में डूबी है उसे लोगों की जिंदगी की परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सत्ता संरक्षित दबंग खुलेआम गुण्डई कर रहे हैं और कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।

कानपुर देहात के मंगलपुर कंचौसी चौकी इंचार्ज की दबंगों ने चौकी में घुसकर पिटाई कर दी। यही नहीं उन्होंने पुलिस वालों को कानपुर के बिकरू काण्ड दोहराने की भी धमकी दे डाली। पिछले दिनों मेरठ में कार चुराकर भाग रहे बदमाशो ने सब इंस्पेक्टर को गोली मार दी। वहीं आगरा में पुलिस कर्मियों ने जबर्दस्ती एक व्यवसायी के प्लाट पर कब्जा कर लिया।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश में अपराध नियंत्रण का दावा सत्य से परे हैं जबकि एनसीआरबी के आंकड़े बताते है कि देश में सबसे ज्यादा अपराध उत्तर प्रदेश में हो रहे है। लोगों में भय और दहशत रहता है। भाजपा सरकार को लोगों की चिंता नहीं है वह सिर्फ वोट चाहती हैं। भाजपा सत्ता लोलुप है।

यह भी पढ़ें:-सैकड़ों वर्ष पुराने प्रयागराज के इस मंदिर में मन्नतें पूरी होने पर भक्त चढ़ाते हैं चरण पादुका, दूर-दूर से आते हैं लोग

संबंधित समाचार