अल्मोड़ा: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
अल्मोड़ा, अमृत विचार। कोतवाली पुलिस ने एक नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार किया है। नाबालिग युवती के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा हुआ। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार भी कर लिया है।
बीते दिवस एक महिला ने कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर दी कि मोहन कुमार नाम के व्यक्ति ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया, जिससे उसकी पुत्री गर्भवती हो चुकी है। जिस पर तत्काल कोतवाली अल्मोड़ा में आरोपी मोहन कुमार के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम के तहत एफआईआर पंजीकृत की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने सीओ व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा को अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया। सीओ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने ठोस सुरागरसी से एफआईआर दर्ज होने के लगभग तीन घंटे में अभियुक्त मोहन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मोहन कुमार (29) पुत्र ख्याली राम पलना, पोस्ट ढौरा, लमगड़ा का निवासी है। पुलिस टीम में महिला एसआई रिंकी सिंह, आरक्षी मनोज कुमार शामिल रहे।
