अयोध्या: अब केवल जन्मभूमि पथ के इर्द-गिर्द बंदिश, रामनगरी में आवागमन हुआ सामान्य
दर्शन पूजन सुचारू,प्रमुख सचिव गृह व डीजी कानून व्यवस्था ने लिया परिसर का जायजा फोटो-
अयोध्या, अमृत विचार। भीड़ नियंत्रण का सिस्टम लागू किये जाने के बाद धीरे-धीरे रामनगरी में आवागमन सामान्य होने लगा है। अब केवल रामजन्मभूमि पथ के इर्द-गिर्द बंदिशों को लागू रखा गया है तथा विशेष ड्यूटी में लगाए गए सुरक्षाबलों की ड्यूटी अवधि बढ़ाई गई है।
साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस-प्रशासन ने 17000 दर्शनार्थियों की क्षमता का होल्डिंग एरिया और 6000 की क्षमता का अमानती काउंटर बनाया है, अमानती काउंटर की तादात 29 किये जाने की तैयारी है। गणतंत्र दिवस पर पहुंचे प्रमुख सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था ने व्यवस्थाओं व अतिरिक्त तैयारियों का जायजा लिया है। उधर अब दर्शन-पूजन के लिए जत्थे निकलने लगे हैं।
गौरतलब है कि प्रान्तीयकृत मकर संक्रांति मेले को लेकर रामनगरी और जिले की सीमाओं पर सुरक्षा बंदिश तथा रुट डाइवर्जन लागू किया गया था। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर परिसर में तीन दिन सामन्य दर्शन बाधित रहने के बाद 23 जनवरी को दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा था, जिसके चलते अव्यवस्था के हालात बन गए थे और सीएम के साथ प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार को मोर्चा संभालना पड़ा था।
भीड़ के चलते विशेष ड्यूटी 25 जनवरी तक बढ़ाई गई थी, जिसमें से अधिकांश की ड्यूटी फिर से बढ़ाई गई है। कुछ को होली तक रोका गया है और अतिरिक्त ड्यूटी की डिमांड भेजी जा रही है। भीड़ नियंत्रण की कवायद के तहत दर्शन मार्ग पर स्टील जिगजैग बैरियर बढ़ाये गए हैं और अयोध्या जंक्शन से टेढ़ी बाजार के बीच 10000,आरजेबी परिसर में 2000 व सुग्रीव किला के पास 5000 क्षमता का होल्डिंग एरिया बनाया है।
वहीं श्रद्धालुओं के इलेक्ट्रानिक उपकरण आदि रखवाने के लिए 6000 क्षमता के 14 काउंटर चालू किये गए हैं और 15 का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही रामनगरी में आवागमन सामान्य होने के बावजूद अभी भी जत्थों में निकल रही श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर टेढ़ी बाजार से नयाघाट तक के इलाके को दर्शनार्थियों के लिए आरक्षित किया गया है और इस क्षेत्र में सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित है।
एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया बनाया गया है और श्रद्धालुओं की सुविधा व सहूलियत के लिए काउंटर बढ़ाये जा रहे हैं। सुरक्षा और व्यवस्था में पर्याप्त सुरक्षाबल की ड्यूटी है तथा दर्शन-पूजन सुचारु ढंग से चल रहा है।
यह भी पढ़ें:-गोंडा: गन्ने के खेत में मिला बुजुर्ग का शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
