सुलतानपुर: 5 जोनल व 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट कराएंगे बोर्ड परीक्षाएं, यह है माध्यमिक शिक्षा परिषद का फुल प्रूफ प्लान!
सुलतानपुर। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इसको लेकर जिले को पांच जोन और 22 सेक्टर में बांटा गया है। हर जोन में एक जोनल मजिस्ट्रेट और 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अतिसंवेदनशील व संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उप्र बोर्ड परीक्षाओं के लिए इस बार 122 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। वहीं एक सेक्टर मजिस्ट्रेट को चार से पांच परीक्षा केंद्रों की जिम्मेदारी दी गई है। उनके क्षेत्र के विद्यालय में नकल होती पाई जाती है अथवा कोई शांति भंग या कोई अन्य घटना होने पर उन्हें जिम्मेदार माना जाएगा।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपनी निगरानी में प्रश्नपत्रों को खुलवाएंगे और वितरण कराएंगे। उत्तर पुस्तिकाओं को सील कराकर अपनी देखरेख में संकलन केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है। जिले में पांच तहसील है। सभी तहसीलों को जोन में बांटा गया है। संबंधित एसडीएम को जोनल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छह सचल दस्ते रखेंगे नजर
नकल विहीन व सुचितापूर्ण बोर्ड परीक्षा कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा महकमा पूरी कसरत कर रहा है। 22 फरवरी से बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगी जो 9 मार्च तक चलेंगी। जिले में 122 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। हर केंद्र पर स्ट्रांग रूम बन गए है और डबल लॉक वाली अलमारी की व्यवस्था है। केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकार्डर क्रियाशील रखने की हिदायत दी गई है। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने जिला स्तरीय छह सचल दल बनाया है। इनमें पहले दल का नेतृत्व डीआईओएस रविशंकर खुद करेंगे।
एक व दो फरवरी को होगी ट्रेनिंग
परीक्षा प्रभारी जितेंद्र दुबे ने बताया कि समस्त राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय जो 2024 में केंद्र बनाए गए हैं, उनके केंद्र व्यवस्थापकों को एक फरवरी और समस्त वित्तविहीन विद्यालय जो 2024 में केंद्र बनाए गए हैं उनके केंद्र व्यवस्थापकों को दो फरवरी को प्रशिक्षण दिया जाएगा। संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों को मास्टर ट्रेनर डीआईओएस कार्यालय के मीटिंग हाल में प्रशिक्षित करेंगे। सभी को प्रतिभाग करना अनिवार्य है। केंद्र व्यवस्थापक अपनी जगह दूसरे को नहीं भेज सकते हैं।
इन नंबरों पर की जा सकती है शिकायत
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए किसी भी तरह की समस्या के निदान के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम का प्रभारी डीआईओएस के नंबर 9454457329, परीक्षा प्रभारी जीतेंद्र कुमार दूबे के नंबर 9454758550, विजय प्रकाश मौर्य प्रधानाचार्य जीआईसी केनौरा के नंबर 6394938699 और शेषमणि वर्मा प्रधानाचार्य, राजकीय हाईस्कूल महमूदपुर जंगल के नंबर 9415960080 पर बोर्ड परीक्षा से संबंधित किसी तरह की समस्या की शिकायत कर निदान पाया जा सकता है।
कक्षा बालक बालिका कुल
हाईस्कूल 22356 20908 43264
इंटरमीडिएट 18562 18671 37233
कुल 40918 39579 80497
यह भी पढे़ं: लखनऊ: सीएम योगी ने नीतीश कुमार को दी बधाई, एक्स हैंडल पर लिखा- सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को डिप्टी सीएम...
