अयोध्या को दहले की साजिश रचने वाले तीनों आरोपियों को राजस्थान ले जाएगी ATS, जहां खुल सकते हैं कई अहम राज
लखनऊ। अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा से पहले सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश में गिरफ्तार किए तीन आरोपियों को एटीएस टीम राजस्थान के सीकर और झुंझूनू लेकर जाएगी। जहां उनके बताए ठिकानों से छापा मारकर मोबाइल और सिम बरामद करेगी, जिससे वो कनाडा में खालिस्तानी समर्थक सुखबिंदर गिल उर्फ सुखडोल उर्फ सुक्खा से बात करते थे। बता कि इस मामले में खालिस्तान आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू भी यूपी एटीएस के रडार पर है। इतना ही नहीं एटीएस उसके खिलाफ पंजाब में दर्ज मुकदमों की जानकारी पुलिस से मांगेगी।
मामले की जानकारी देते हुए एडीजी एटीएस मोहित अग्रवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अयोध्या से गिरफ्तार गैंगस्टर शंकर लाल दुसाद कनाडा में खालिस्तानी आतंकी सुक्खा के माध्यम से पन्नू के संपर्क में आया था। जिसके बाद पन्नू ने उसे अयोध्या में रेकी करने और उसकी सूचनाएं उसे भेजने को कहा था।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके बीच किस मोबाइल नंबर से बातचीत हो रही थी और अयोध्या के लिए किस सख्स ने गाड़ी का बंदोबस्त कराया था। इसकी जानकारी के लिए एटीएस की टीम को राजस्थान के सीकर और झुंझूनू भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि 18 जनवरी को एटीएस ने तीन संदिग्धों व्यक्तियों को अयोध्या से पकड़ा था। जिनके नाम शंकर लाल दुसाद, अजीत कुमार शर्मा और प्रदीप पुनिया है। एटीएस की पूछताछ के बाद सामने आया था कि वह कनाडा में पनाह लिए खालिस्तानी आतंकी हरमिंदर सिंह लांडा और गुरवंत सिंह पन्नू के इशारे पर रेकी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें:-इजराइल जाने के लिए दिनभर ठिठुरते रहे हजारों नौजवान, 3080 श्रमिकों का हुआ चयन
