अयोध्या: गैंगस्टर विकास सिंह को जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दी क्लीन चिट, सपा विधायक ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट 

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

पंजाब के माफिया लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों को संरक्षण देने के मामले में जेल में है बंद 

अयोध्या। महाराजगंज थाना पुलिस ने गैंगस्टर विकास सिंह को जानलेवा हमले के एक मामले में क्लीन चिट दे दी है। इसकी रिपोर्ट विधानसभा चुनाव के दौरान वर्तमान सपा विधायक अभय सिंह ने दर्ज कराई थी। मामले की विवेचना में प्रकाश में आए तीन आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र अदालत में प्रस्तुत किया है। पत्रावली विचारण के लिए सेशन सिपुर्द कर दी गई है ।विकास इस समय पंजाब के माफिया लॉरेंस बिश्नोई के गुगोॅ को संरक्षण देने के आरोप में जेल में बंद है। उसकी गिरफ्तारी नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी ने की थी।

घटना 18 फरवरी 2022 की है। विधानसभा चुनाव के दौरान  सपा प्रत्याशी अभय सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया था कि वह चुनाव का प्रचार करके उनियार से जाना बाजार जा रहे थे। नेव कबीरपुर चौराहे के पास सामने से रास्ता रुका था। उनके सामने पुलिस की गाड़ी चल रही थी। रास्ता एस्कॉर्ट व गनर ने खाली कराया। जब उनकी गाड़ी आगे बढ़ी तो रास्ते में विकास सिंह निवासी देवगढ़ अपने हाथ में पिस्टल लिए खड़ा था। साथ में रमेश दहाड़े निवासी पूरा बाजार भी थे।

जैसे ही उनकी गाड़ी आगे बढ़ी तुरंत गोली की आवाज आई। सरकारी गनर उतर कर गया। उसके बाद फायर की आवाज आई और ईंट पत्थर चले। इन सब का प्रत्यक्षदर्शी हमारा गनर और वहां पर खड़े अन्य लोग भी थे। हमलावर ललकार रहे थे कि आज घेर कर मार दो। बचने न पाएं। सरकारी गनर की सतर्कता से मेरी जान बची। इस तहरीर पर विकास सिंह के खिलाफ नामजद और अज्ञात 20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई।

विवेचना के बाद पुलिस ने मामले में विकास सिंह तथा 20 अज्ञात को नामजदगी गलत बता क्लीन चिट दे दी। विष्णु देव दुबे निवासी ताहिरपुर बरौली थाना महाराजगंज विक्रांत सिंह निवासी टंडौली थाना गोसाईगंज विवेक तिवारी निवासी बंधनपुर थाना गोसाईगंज के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में आरोप पत्र अदालत में प्रस्तुत करते हुए सबूत तलब करके दंडित करने की याचना की है। मामले को विचारण के लिए सेशन सिपुर्द कर दिया गया है, जिसमें तारीख पेशी 7 फरवरी नियत की गई है।

यह भी पढ़ें: अयोध्या: लता चौक पर स्टंट करना स्टंटबाजों को पड़ा भारी, पुलिस ने एसयूवी का काटा 7500 रुपये का चालान 

संबंधित समाचार